नोटों से भरे बैग में ब्लेड मारते पकड़ाया

दुस्साहस. नावाडीह मोड़ के पास वारदात भीड़ ने की पिटाई, किया पुलिस के हवाले मुख्य बाजार के पास जाम, अफरातफरी औरंगाबाद शहर : शहर के नावाडीह मोड़ के पास नोटों से भरे बैग को ब्लेड मार कर रुपये निकालने के दौरान ही एक पॉकेटमार पकड़ा गया. पहले तो उसकी जम कर पिटाई की गयी, फिर […]

दुस्साहस. नावाडीह मोड़ के पास वारदात

भीड़ ने की पिटाई, किया पुलिस के हवाले
मुख्य बाजार के पास जाम, अफरातफरी
औरंगाबाद शहर : शहर के नावाडीह मोड़ के पास नोटों से भरे बैग को ब्लेड मार कर रुपये निकालने के दौरान ही एक पॉकेटमार पकड़ा गया. पहले तो उसकी जम कर पिटाई की गयी, फिर नगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया. पिटाई से जख्मी हुए पॉकेटमार का इलाज सदर अस्पताल में पुलिस द्वारा कराया गया. पता चला कि जम्होर थाना क्षेत्र के तमोरी गांव निवासी मंटू राय शनिवार की दोपहर 20 हजार रुपये अपने बैग में रख कर नावाडीह मोड़ के समीप एक दवा दुकान से दवा की खरीदारी कर रहे थे.
बाजार में भीड़भाड़ का फायदा उठा कर एक पॉकेटमार ने हाथ में रखे बैग में पहले ब्लेड मार दिया और फिर जैसे ही रुपये निकालने के लिए बैग में हाथ डाला, वैसे ही मंटू राय ने पॉकेटमार का हाथ पकड़ लिया. पॉकेटमार का शोर सुन कर सैकड़ों की भीड़ लग गयी. फिर क्या था, पॉकेटमार पर लात-घूंसों की बौछार लग गयी. जिसने जितना चाहा, उतना पीटा. लगभग एक घंटे तक नावाडीह मोड़ पर अफरा-तफरी का माहौल रहा. बीच सड़क पर लोग पॉकेटमार को पीटते रहे.
ताज्जुब की बात तो यह है कि उस मोड़ पर ट्रैफिक पुलिस के जवान भी खड़े थे, लेकिन किसी ने भी न तो पॉकेटमार को बचाने की कोशिश की और न ही लोगों को समझाने की कोशिश की. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्र नेता शशि कुमार, मोनू सिंह ने नगर थाना पुलिस को फोन किया. फिर नगर थानाध्यक्ष एसके सुमन, दारोगा शिवशंकर कुमार मौके पर पहुंचे और पॉकेटमार को भीड़ से बचाया. जख्मी हालत में उसे सदर अस्पताल में इलाज के लिए ले गये.
पुलिसिया पूछताछ के क्रम में पता चला कि पॉकेटमार का नाम कल्लू बैठा है और वह रोहतास जिले के अकोढ़ीगोला का रहनेवाला है. नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की प्राथमिकी दर्ज कर पॉकेटमार को जेल भेजा जायेगा. इधर, जानकारी मिली है कि कल्लू बैठा पूर्व में भी पॉकेटमारी की घटनाओं का अंजाम दे चुका है. पुलिस भी उससे पूछताछ कर रही है.
ट्रैफिक दुरुस्त करने में जवानों के छूटे पसीने
घटना के दौरान मुख्य बाजार पथ में भयंकर जाम लग गया. लगभग एक घंटे तक पैदल चलनेवाले भी जाम से परेशान रहे. सड़क के दोनों लेन में लगभग आधा किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गयी. ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने में ट्रैफिक जवानों के पसीने छूट गये. जैसे-तैसे जाम से लोगों को छुटकारा मिला.
पॉकेटमार को पकड़े लोग व मौके पर पहुंची पुलिस.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >