काफी प्रयास के बाद भी नहीं खोल पाये लॉकर
खिड़की तोड़ कर चाेरी की कोशिश
बैंक में नहीं है नाइट गार्ड की व्यवस्था
औरंगाबाद/बारुण : मेह पंजाब नेशनल बैंकमें बुधवार की रात्रि चोरों ने चोरी करने का प्रयास किया. बारुण प्रखंड के मेह पुल से इंद्रपुरी बराज जाने वाले रास्ते में स्थित पंजाब नेशनल बैंक में बुधवार की रात्रि बैंक भवन के खिड़की को तोड़ कर चोर अंदर घुस गये. लेकिन, बैंक में रखे कैश लॉकर को तोड़ने में चोर असफल रहे. बैंककर्मियों ने बताया कि चोरों ने लॉकर को तोड़ने का बहुत प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो पाये. इस संबंध में शाखा प्रबंधक गणेश प्रसाद ने बताया कि गुरुवार की सुबह बैंक खुलने पर इसका पता चला. पूरे बैंक की छानबीन करने पर पैसा, कंप्यूटर व अन्य कागजात सभी अपने जगह सुरक्षित मिले.
लेकिन, सीसीटीवी कैमरे के सारे तार काट दिये गये हैं. चोर पूरी योजना बना कर आये थे, लेकिन वो अपने कार्य में सफल नहीं हुए. बैंक के नेटवर्किंग व अन्य तार को भी पूरी तरह से छतिग्रस्त कर दिया था. इस घटना से संबंधित प्राथमिकी स्थानीय थाना में दर्ज करायी गयी है और चोरों की शिनाख्त के लिये पुलिस कार्रवाई में जुटी है. शाखा प्रबंधक ने बताया कि बैंक के सिस्टम के साथ छेड़छाड़ के कारण गुरुवार को कार्य बाधित रहा.
नरारी थाना प्रभारी प्रशांत कुमार ने बताया कि रात्रि में बैंक में कोई सुरक्षा गार्ड नहीं रहता है. पुलिस हमेशा गश्ती करती रहती है. गश्ती से लौटने के बाद ही ये घटना हुई होगी. फिलहाल बैंक से कोई पैसा चोरी नहीं हुई है और न ही अन्य कोई कागजात. पुलिस बैंक में घुसनेवाले चोरों का पता लगाने में जुटी है. बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को पुलिस खंगाल रही है.
