हंगामेदार रही रेडक्रॉस सोसाइटी की वार्षिक आमसभा
औरंगाबाद (कोर्ट) : भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की वार्षिक आम बैठक बुधवार को नगर भवन में आरोप-प्रत्यारोप के बीच संपन्न हुई. बीच-बीच में हो रहे हंगामे के कारण नयी कमेटी का गठन नहीं हो सका. आम सभा का उद्घाटन रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष सह जिलाधिकारी ने दीप जला कर किया. संचालन शिक्षक उदय कुमार सिंह ने किया. वार्षिक आम सभा में वित्तीय वर्ष 2012-13 के क्रियाकलापों में आमद-खर्च का ब्योरा प्रस्तुत किया गया.
लेकिन इस पर आजीवन सदस्यों ने जमकर टीका-टिप्पणी की व आपस में ही खूब जवाब-सवाल किये, जिस पर समर्थकों ने जम कर तालियां बजायी. अंतत: रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष सह जिलाधिकारी अभिजीत सिन्हा को हस्तक्षेप करना पड़ा. इसके बाद डीएम ने अध्यक्षीय भाषण शुरू किया. हालांकि, इस दौरान मतभेद और गहरा गया व जिलाधिकारी के भाषण के बीच से ही रेड क्रॉस सोसाइटी के उपाध्यक्ष डॉ राजीव रंजन वर्मा आम सभा से बाहर चले गये.
जिलाधिकारी ने संबोधन में कहा कि इस संस्था का पूरे विश्व में एक अलग पहचान है. इसके सराहनीय कामों व काम करने के तरीकों की भी चर्चा होती है. मानवता की सेवा के उद्देश्य से यह संस्था काम करती है. उन्होंने कहा कि दोष निकालना काफी आसान है. एक मंच से व्यक्तिगत कारणों से किसी पर प्रहार करना गलत है. अपने मतभेदों को संस्था पर हावी न होने दें. इसकी गरिमा कायम रखें. इसके पहले जेआरसी द्वारा हुए खेल-कूद प्रतियोगिता को व्यर्थ ठहराते हुए उठाये गये सवालों पर जिलाधिकारी ने कहा कि संस्था का कर्तव्य मानव की सेवा करना है, खेल-कूद का आयोजन भी इसी के तहत है. उन्होंने कहा कि अन्य स्थानों की अपेक्षा औरंगाबाद जिले की संस्था बेहतर काम रही है, और ज्यादा प्रभावित भी है.
