छह लोगों के घर भी बहे

आपदा. बारिश से मची तबाही, रूद्र बिगहा में घुसा पानी बटाने नदी की तेज धार से महिला कॉलेज की चहारदीवारी गिरी कुटुंबा : प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार के अहले सुबह शुरू हुई बारिश शनिवार को तबाही मचा दी .शनिवार को भी उसी तरह से सुबह से ही बारिश शुरू हुई और दस बजे तक भारी […]

आपदा. बारिश से मची तबाही, रूद्र बिगहा में घुसा पानी

बटाने नदी की तेज धार से महिला कॉलेज की चहारदीवारी गिरी
कुटुंबा : प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार के अहले सुबह शुरू हुई बारिश शनिवार को तबाही मचा दी .शनिवार को भी उसी तरह से सुबह से ही बारिश शुरू हुई और दस बजे तक भारी वर्षा होती रही. बारिश से प्रखंड क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गयी . इधर पड़ासी राज्य झारखंड में भी भारी वर्षा हुई ,जिससे प्रखंड क्षेत्र के बतरे और बटाने नदियां उफान पर है. अंबा -देव पथ के काउजवे पर तीन फुट ऊपर पानी बहता रहा, जिससे इस क्षेत्र के लोगों को पूरे दिन आवागमन करने में परेशानी हुई. बतरे नदी की तेज धार से महिला कॉलेज अंबा का चहारदीवारी गिर गया, जिससे लाखों का नुकसान हुआ.
गर्ल्स हाइस्कूल, अंबा की चहारदीवारी बगल के मकान पर गिर गयी. मकान में रह रहे लोग बाल-बाल बचे. इधर, जय अंबे इंटर प्राइजेज, चिल्हकी, अंबा स्थित गोदाम में पानी घुस जाने से पांच-छह लाख रुपये के कीमती सामान बरबाद हो गये. अंबा थाना के रूद्र बिगहा गांव में वर्षा का पानी घुस गया, जिससे गांव की गली-नली व हर घर में दो से तीन फुट पानी लग गया. ऐसी स्थिति में पूरे गांव में कोहराम मच गया. ग्रामीणों को गांव से निकलने के लिए सड़क भी नहीं दिखायी दे रहा था. ग्रामीणों ने इसकी सूचना प्रमुख धर्मेंद्र कुमार व सीओ ठुइंया उराव को दी. अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर चार नंबर पोल से बैरांव गांव जाने वाली पक्की सड़क को जेसीबी मशीन से कटवा कर पानी की निकासी करायी. गांव में पानी प्रवेश करने से उक्त गांव के प्रयाग राम, नंदलाल राम, पूर्व सरपंच मराछू राम, बनवारी राम,सुरेंद्र मिश्र, जवाहिर सिंह का घर ध्वस्त हो गया. अभी इस गांव में पानी है और कच्चा मकान गिरने की आशंका बनी हुई है. स्थानीय विधायक राजेश कुमार ने औरंगाबाद के डीएम कंवल तनुज को फोन कर इसकी जानकारी दी. बटाने नदी में बाढ़ के पानी आने संडा-बालूगंज पथ का डायवर्सन बह गया. इधर, एनएच 139 पथ ऊंचा होने से अंबा के कई व्यवसायियों के दुकान में पानी प्रवेश कर गया. बाबू चिल्हकी से मुड़िला गांव तक पानी ही पानी नजर आ रहा है. किसानों के खेत में लगाये गये बिचड़े नहीं दिखायी दे रहे हैं. अंबा थाना क्षेत्र के रतिखाप गांव के राजू कुमार को बिच्छू डंक मार दिया था, जिसके उपचार के लिए अंबा लाने के क्रम में देव रोड के काउजवे पर बह रहे पानी के धार से वह नदी में बह गया. आसपास के लोगों ने उसे बाहर निकाला, पर बाइक नदी में ही रह गयी. समाचार लिखे जाने तक प्रखंड क्षेत्र के कई गांवों में वर्षा के पानी से तबाही होने की सूचना मिली है. वैसे प्रखंड क्षेत्र के कई गांव के रास्ते बिल्कुल बंद हो गये है. अब लोगों गांव से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >