काली घाट पर खनन टीम से बदसलूकी, बालू लदा ट्रैक्टर छुड़ाने का प्रयास

पुलिस को देख ट्रैक्टर का इंजन लेकर भागा चालक, डाला से बालू गिरवाकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश

सोन नदी में छापेमारी के दौरान बाइक सवार युवकों ने किया हंगामा

सरकारी कार्य में बाधा डालने पर 10 नामजद सहित 20 पर प्राथमिकीपुलिस ने जब्त की तीन बाइकें, युवकों की वीडियोग्राफी से हुई पहचान

पुलिस को देख ट्रैक्टर का इंजन लेकर भागा चालक, डाला से बालू गिरवाकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश

फोटो-50-जब्त बाइक

प्रतिनिधि, दाउदनगर

थाना क्षेत्र के काली घाट सोन नदी इलाके में अवैध बालू की ढुलाई के विरुद्ध कार्रवाई करने पहुंची खनन विभाग और दाउदनगर पुलिस की टीम के साथ दुर्व्यवहार का मामला प्रकाश में आया है. कार्रवाई के दौरान करीब 15 से 20 बाइक सवार युवकों ने पुलिस कार्य में बाधा उत्पन्न की और कर्मियों के साथ अभद्रता की. इतना ही नहीं, आरोपितों ने जबरन ट्रैक्टर के डाला से बालू नीचे गिरवा दिया. इस बीच ट्रैक्टर का चालक इंजन लेकर फरार होने में सफल रहा. हालांकि, पुलिस ने डाला में बचे 20 सीएफटी बालू को जब्त कर लिया है. बताया जाता है कि ट्रैक्टर पर लगभग 100 सीएफटी बालू लदा हुआ था.

छापेमारी के दौरान पुलिस को दी धमकी

इस मामले में खनन विभाग के खान निरीक्षक कुमार प्रत्युष के लिखित बयान पर दाउदनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. इसमें अमृत बिगहा गांव के दीपक कुमार, लाल बाबू, दिलीप कुमार, बुची कुमार, संजय कुमार, मिथिलेश कुमार, पवन कुमार, उदल पासवान, जहीर पासवान और शक्ति कुमार को नामजद आरोपित बनाया गया है. इसके अतिरिक्त आठ से 10 अज्ञात लोग भी आरोपित बने हैं. दर्ज प्राथमिकी में खान निरीक्षक ने बताया कि गुरुवार की सुबह टीम अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध छापेमारी पर निकली थी. इसी क्रम में काली घाट पर एक बालू लदा ट्रैक्टर दिखा, जिसे देख चालक उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर भागने लगा. पीछा करने पर चालक इंजन को डाला से अलग कर भाग निकला.

वीडियोग्राफी के आधार पर आरोपितों की पहचान

जब खनन और पुलिस टीम जब्ती की कार्रवाई कर रही थी, तभी बाइक सवार युवकों ने पहुंचकर टीम को धमकी दी और सरकारी कार्य में बाधा डाली. आरोपितों ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से ट्रैक्टर पर लदा बालू जबरदस्ती नीचे गिराना शुरू कर दिया. घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल दाउदनगर थानाध्यक्ष को सूचित कर अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की गयी. पुलिस बल के पहुँचते ही उपद्रवी अपनी तीन बाइकें छोड़कर फरार हो गये. पुलिस ने वीडियोग्राफी के साक्ष्यों के आधार पर 10 लोगों की पहचान कर उन्हें आरोपित बनाया है.

आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज

पुलिस ने घटनास्थल से बालू लदा डाला और तीनों बाइकों को जब्त कर थाना लाया है. अपर थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और अवैध खनन के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पुलिस वीडियोग्राफी और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर निरंतर छापेमारी कर रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध बालू कारोबार और पुलिस टीम पर हमला करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SUJIT KUMAR

SUJIT KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >