Bihar Crime News: बिहार के औरंगाबाद जिले में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मुफस्सिल थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए देव मोड़ के पास एक ऑटो और कार से भारी मात्रा में डोडा अफीम बरामद किया है. इस दौरान चार तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया.
थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि झारखंड से देव के रास्ते दो वाहनों के जरिए नशीले पदार्थ की खेप लाई जा रही है. इसके बाद देव मोड़ के समीप सघन जांच अभियान चलाया गया. संदिग्ध ऑटो और कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 96 किलो 600 ग्राम डोडा अफीम बरामद हुआ. पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है.
चार तस्कर गिरफ्तार, अलग-अलग जिलों के निवासी
गिरफ्तार आरोपियों में पंजाब के पटियाला जिले के निवासी जीत सिंह के साथ-साथ बारूण थाना क्षेत्र के मंजित कुमार, दुर्गा कुमार और भलुईया निवासी अजय सिंह शामिल हैं. सभी आरोपियों को मौके से हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
नकदी भी बरामद, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस ने तस्करों के पास से 22,070 रुपये नकद भी बरामद किए हैं. प्रारंभिक पूछताछ के बाद अब पुलिस इस पूरे तस्करी नेटवर्क और सप्लाई चेन की जांच में जुट गई है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं.
पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा और इसमें शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
(औरंगाबाद से सुजीत कुमार सिंह की रिपोर्ट)
