रंग में भंग. शादी में विषाक्त भोजन से बिगड़ी हालत
रफीगंज प्रखंड के सैफगंज गांव से आयी थी बरात
औरंगाबाद : जिले के दाउदनगर शहर के पुराने शहर मुहल्ले में एक बरात में विषाक्त भोजन करने के बाद लगभग 50 लोगों की हालत अचानक बिगड़ गयी. इसमें अधिकतर बराती शामिल थे. आनन-फानन में बीमार बरातियों व सरातियों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दाउदनगर में भरती कराया गया. यहां प्राथमिक उपचार के बाद छह बरातियों को सदर अस्पताल औरंगाबाद रेफर किया गया. सभी छह बारातियों की हालत गंभीर थी.
सदर अस्पताल में सभी का इलाज चल रहा है. इसमें वर के पिता भी शामिल हैं. मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात रफीगंज प्रखंड के सैफगंज गांव से चंदेश्वर मेहता के पुत्र अजीत कुमार की बरात दाउदनगर पुराने शहर वार्ड नंबर दो में सुदेश्वर मेहता के घर आयी हुई थी. बरातियों को नाश्ता कराने के बाद रात एक बजे के करीब भोजन कराया गया. भोजन के बाद बरातियों व सरातियों की हालत बिगड़ने लगी.
