मदनपुर (औरंगाबाद) : मदनपुर प्रखंड के अति नक्सल प्रभावित चाल्हो पहाड़ के गजरवा चोटी पर 40 वर्षीय एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया. शव दो चट्टानों के बीच बनी खाई में गंजहर के पेड़ के सहारे लटका हुआ था. शव को लकड़हारों ने देखा था.
शव देखने से लगता है कि उक्त व्यक्ति की एक सप्ताह पहले ही मृत्यु हुई है. मृतक के गले में भूरे रंग की शाल फंदे के रूप में लिपटी मिली है. बदन पर काले रंग का जैकेट व लाल रंग की हाफ पैंट है.
उसका चेहरा काला पड़ गया है. शव मिलने की सूचना गांववालों ने सलैया थाने को दी. पुलिस शव को थाने लायी. मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ निवासी भगवती भुइंया के रूप में की गयी है. वह सलैया के होम ईंट भट्ठे पर काम करता था.
लाश की पहचान मृतक के पिता ने की. उन्होंने बताया कि उनका बेटा भगवती कई दिनों से लापता था. इधर, घटना को अपराधियों या नक्सलियों ने अंजाम दिया है, इस बारे में अब तक कोई आश्वस्त नहीं है.
पुलिस अधीक्षक उपेंद्र शर्मा ने बताया कि नक्सलियों के पहाड़ पर आने की सूचना पुलिस को थी. छापेमारी चल रही है. वैसे, भगवती की हत्या क्यों हुई है, यह पता लगाने के लिए पुलिस प्रयास चला रही है.
