औरंगाबाद (नगर) : बुधवार को जिलाधिकारी कंवल तनुज ने समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में आंतरिक संसाधन की बैठक संबंधित विभाग के पदाधिकारियों के साथ की. इस दौरान डीएम ने जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि जिले की सड़कों पर जो वाहनें ओवरलोडेड चल रहे हैं,
उसके विरुद्ध अभियान चला कर कार्रवाई करना सुनिश्चित करें. वहीं, राजस्व विभाग के समीक्षा के दौरान डीएम ने कहा कि सरकार व विभाग द्वारा जो लक्ष्य निर्धारित किया गया है, उसका अनुपालन हर हाल में करते हुए लक्ष्य की प्राप्ति करना सुनिश्चित करेंगे. इसमें किसी प्रकार की कोई लापरवाही बरदाश्त नहीं की जायेगी, बल्कि जो पदाधिकारी लक्ष्य के अनुरूप राजस्व की वसूली नहीं करेंगे,
वैसे पदाधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई करने के लिए विभाग को पत्राचार किया जायेगा. डीएम ने अंचल स्तर पर लंबित नीलाम पत्र वाद की सुनवाई तीव्र गति से करने का निर्देश दिया. वहीं, बसेरा, दखलदेहानी कार्य सही तरीके से नहीं होने पर डीएम ने नाराजगी जाहिर की. साथ ही अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया
कि जल्द से जल्द कार्य को पूरा करें. धार्मिक संरचना के समीक्षा के क्रम में डीएम ने कहा कि 30 वर्ष से अधिक से जहां धार्मिक संरचना स्थापित है, उसकी सूची विभाग को जल्द उपलब्ध करायें और जहां अतिक्रमण की समस्या है, उसका निपटारा अपने स्तर से करना सुनिश्चित करें. डीएम ने इसके अलावा अन्य बिंदुओं पर चर्चा की. बैठक में अपर समाहर्ता रामअनुग्रह सिंह के अलावे दोनों डीसीएलआर व सभी अंचलाधिकारी मौजूद थे.
