अनदेखी. नालियों की सफाई पर नगर पर्षद का ध्यान नहीं
मॉनसून शुरू होते ही बारिश ने नगर पर्षद क्षेत्र की की सूरत बिगाड़ दी है. नालियों की सफाई पर ध्यान नहीं दिये जाने के कारण ओवरफ्लो होकर नालियों का गंदा पानी सड़क पर बहने लगा है. जगह-जगह जलजमाव ने भी लोगों को परेशानी में डाला रखा है. सफाई एजेंसियां नालियों की सफाई पर ध्यान नहीं दे रही.
नालियों का कचरा निकल कर छोड़ दिया सड़क के किनारे
औरंगाबाद (सदर) : नगर पर्षद क्षेत्र की नालियों का सही तरीके से व समय पर सफाई नहीं होती है. इसके के कारण बारिश होने पर नालियां ओवरफ्लो होती जाती हैं, जिससे नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है. इससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
बारिश ने अब से ही अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. सफाई व्यवस्था पर काम कर रही नगर पर्षद की दो एजेंसिया सिर्फ कचरा उठाव पर जोर दे रही हैं. नालियों की सफाई पर उनका ध्यान बिल्कुल नहीं है. सड़कों पर भले ही कचरे न दिखते हो, लेकिन नाली की सफाई के बाद निकली गंदगी को नाली के किनारे ही छोड़ दिया जाता है. इसका उठाव नहीं होने के कारण बारिश होने के बाद सड़कों पर बहने लगता है. शहर के टिकरी मुहल्ला, जेल रोड, विराटपुर महावीर मंदिर रोड, कुरैशी मुहल्ला व आजाद नगर सहित कई सड़कों पर गंदे पानी का जमाव होने लगा है. इससे लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है.
सोशल मीडिया में हो रही नगर पर्षद की किरकिरी
सड़कों पर बह रहे नालियों के पानी से परेशान शहरवासी अपनी
समस्या सोशल साइट पर भी शेयर कर रहे हैं. लोग नगर पर्षद को खूब कोस रहे हैं. टिकरी मुहल्ला निवासी रूपेश कुमार ने कुछ जगहों पर हुए जलजमाव की तसवीर को जब फेसबुक पर पोस्ट किया, तो कई प्रतिक्रियाएं मिलीं. प्रतिक्रिया देने वालों में शामिल रॉकी खां, अजीत सिंह, सुनील शर्मा, सुजीत तिवारी, आशुतोष सिंह मोनू, महमूद आलम व विद्यासागर सहित दो दर्जन लोगों ने कहा कि सफाई के नाम पर नगर पर्षद की सफाई एजेंसियां फेल हैं. नालियों की सफाई पर नगर पर्षद का ध्यान नहीं है.
नहीं आने दी जायेगी पहले जैसी नौबत
शहर की सफाई व्यवस्था में लगी नगर पर्षद की देवा कंस्ट्रक्शन सफाई एजेंसी के ओम प्रकाश का कहना है कि नालियों की सफाई जारी है. बारिश को देखते हुए सफाई कार्य तेजी से चल रहा है. इस बरसात में पहले जैसी नौबत नहीं आने दी जायेगी. नालियों की उड़ाही करायी जा रही है. जहां भी जल जमाव हो रहे है, वहां की नालियों को ठीक किया जा रहा है.
नालियों की सफाई पर विशेष ध्यान
शहर की सफाई व्यवस्था के लिए नगर पर्षद की दो एजेंसियों को जिम्मेवारी सौंपी गयी है. वर्षा का मौसम शुरू होने से पूर्व इन एजेंसियों को निर्देश दिया गया था कि नालियों की सफाई पर विशेष तौर पर ध्यान दिया जाये. जहां से भी शिकायत मिलती है, उसे तुरंत ठीक करने का प्रयास करें. शहर में जलजमाव की स्थिति से निबटने के लिए नगर पर्षद तत्पर है.
विमल कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पर्षद औरंगाबाद
