डीएम ने रमेश चौक का सौंदर्यीकरण के बाद किया उद्घाटन
औरंगाबाद (सदर) : मंगलवार को शहर के हृदय स्थली रमेश चौक का उद्घाटन डीएम कंवल तनुज ने फीता काट कर किया. उद्घाटन के दौरान रमेश मेमोरियल ट्रस्ट के अध्यक्ष कन्हैया लाल जैन ने डीएम कंवल तनुज को प्रतीक चिह्न देते हुए माला पहना कर उनका स्वागत किया. उद्घाटन के उपरांत एक समारोह का आयोजन किया गया.
इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि लोगों के भावनाओं का एक मूर्त रूप है रमेश चौक. अपने प्रयास के बल पर रमेश चौक का सौंदर्यीकरण करा कर ट्रस्ट ने एक मिसाल पेश की है. डीएम ने कहा कि ऐसे सामाजिक प्रयास के लिए प्रशासन की ओर से लोगों को हमेशा मदद की जायेगी. उन्होंने कहा कि रमेश चौक की सुंदरता को बनाये रखने के लिए नगर पर्षद को इसकी जिम्मेवारी सौंपी गयी है.
चौक की साफ-सफाई एवं लाइट का प्रबंध नगर पर्षद द्वारा उपलब्ध करायेगा. डीएम ने कहा कि राजनीतिक पार्टी के कार्यकर्ताओं से आग्रह करते हुए कहा कि चौक के समीप किसी का पुतला नहीं जलायें. इस दौरान एसडीओ सुरेंद्र प्रसाद, रमेश मेमोरियल ट्रस्ट के सचिव प्रमोद कुमार सिंह, जद यू के वरिष्ठ नेता विश्वनाथ प्रसाद सिंह, महाराणा प्रताप सेवा संस्थान के अध्यक्ष जगदीश सिंह आदि उपस्थित थे.
