एस सिन्हा कॉलेज में पूरे दिन चला समझौता कराने का दौर
औरंगाबाद (नगर) : पिछले तीन दिनों से एस सिन्हा कॉलेज में आंदोलन कर रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के छात्र नेताओं का आंदोलन आखिरकार रंग लाया. कॉलेज प्रशासन ने छात्रों द्वारा उठाये गये मांगों को मान लिया है.
बुधवार को दिन भर छात्रों के साथ समझौता का दौर पदाधिकारियों व कॉलेज प्रशासन के बीच चलता रहा. हालांकि, रूक-रूक कर छात्र प्राचार्य के खिलाफ नारेबाजी करते रहे, जिसके कारण कॉलेज में पढ़ाई ठप रही. निराश होकर विद्यार्थी लौट गये. छात्रों के आक्रोश को देखते हुए शासन-प्रशासन के लोग कॉलेज परिसर में कैंप किये रहे.
बुधवार की सुबह की स्थिति यह हो गयी कि जब अनशन पर बैठे तीन छात्रों की हालत बिगड़ गयी, तो अन्य छात्र व छात्रा नेता उग्र हो गये और कॉलेज में तोड़-फोड़ से लेकर आगजनी भी किया.
करीब एक घंटे तक कॉलेज में अफरा-तफरी का माहौल कायम रहा. छात्रों के आंदोलन को देखते हुए एसडीओ, एसडीपीओ, सीओ, नगर थानाध्यक्ष के अलावा आधे दर्जन दारोगा, दर्जनों पुलिस जवान कॉलेज पहुंचे. इस दौरान छात्रों से समझौता कर शांत करने का प्रयास किया. अंतत: छात्रों की मांगों को मानी गयी, तब जाकर छात्र शांत हुए.
