औरंगाबाद में पुलिस जीप पर हमला कर नक्सली को छुड़ाया

औरंगाबाद : जिले के सलैया थाने की पुलिस जीप पर राजा बिगहा गांव के लोगों ने होलिकादहन यानी मंगलवार की देर शाम हमला कर इनामी व फरार घोषित नक्सली संजीत यादव उर्फ संजीवन यादव को छुड़ा लिया. इस दौरान पथराव भी किया, जिससे थानाध्यक्ष दिलीप कुमार मांझी सहित कई पुलिसकर्मियों को चोटें आयी हैं. जीप […]

औरंगाबाद : जिले के सलैया थाने की पुलिस जीप पर राजा बिगहा गांव के लोगों ने होलिकादहन यानी मंगलवार की देर शाम हमला कर इनामी व फरार घोषित नक्सली संजीत यादव उर्फ संजीवन यादव को छुड़ा लिया. इस दौरान पथराव भी किया, जिससे थानाध्यक्ष दिलीप कुमार मांझी सहित कई पुलिसकर्मियों को चोटें आयी हैं. जीप भी क्षतिग्रस्त हो गयी है.
इस संबंध में पुलिस ने 22 नामजद व 28 अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है. थानाध्यक्ष ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने पर कई कांडों में वांछित इनामी व फरार घोषित नक्सली संजीत यादव उर्फ संजीवन यादव को पकड़ने के लिए मंगलवार की देर शाम पुलिस राजा बिगहा गांव में छापेमारी करने पहुंची थी.
उनके (थानाध्यक्ष) नेतृत्व में पुलिस की टीम ने छापेमारी कर संजीत को उसके घर से गिरफ्तार किया. इसके बाद नक्सली को जीप में बैठा कर जीप चलने लगी. इसी बीच, करीब 100 की संख्या में रहे गांववालों ने पुलिस जीप को घेर लिया और नक्सली को जीप से उतारने पर जोर देने लगे.
बात नहीं बनने पर गांववालों ने जीप पर पथराव शुरू कर दिया. इससे कई पुलिसकर्मी जख्मी हो गये और उन्होंने पुलिस के चंगुल से नक्सली संजीत यादव को छुड़ा लिया.
पथराव से जीप को भी क्षति पहुंची है. थानाध्यक्ष ने बताया कि संजीत यादव कई बड़े कांडों में शामिल रहा है. वर्ष 2014 में सलैया थाना क्षेत्र में ही सड़क में लैंडमाइंस लगाया था. इसके अलावा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के कई मामलों में भी उसकी पुलिस को तलाश थी. पुलिस पर हमला कर नक्सली को छुड़ाने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. 22 नामजद व 28 अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >