एसएन सिन्हा कॉलेज में हुआ बीएड पाठ्यक्रम व विज्ञान भवन का उद्घाटन
औरंगाबाद (नगर) : रविवार औरंगाबाद जिले के लोगों के लिए ऐतिहासिक दिन बन कर आया. जिले के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज में बीएड पाठ्यक्रम व विज्ञान भवन का उद्घाटन केरल के राज्यपाल निखिल कुमार, सूबे के सहकारिता मंत्री रामाधार सिंह व उच्च शिक्षा निदेशक प्रो सीताराम सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काट कर किया.
इसके बाद राज्यपाल को कॉलेज परिसर में एनसीसी के कैडेटों ने गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी दी. इसके बाद मुख्य समारोह हुआ. सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर इसका उद्घाटन किया. इस मौके पर महाविद्यालय की छात्राओं ने बिहार गीत व स्वागत गान की प्रस्तुति की. महाविद्यालय परिवार ने राज्यपाल, मंत्री व निदेशक को अभिनंदन पत्र व शाल भेंट किया.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री कुमार ने कहा कि महाविद्यालय के विकास में पैसे की कोई कमी नहीं होने दी जायेगी. आप डीपीआर तैयार कर यूजीसी के पास रिपोर्ट भेजें. मैं वहां से 26 करोड़ रुपये दिलवाने का काम करूंगा, ताकि इस पैसे से कॉलेज का विकास हो सके और जिले के लोगों को उच्च शिक्षा मिल सके.
सूचना प्रौद्योगिकी काफी आगे बढ़ गयी है. पढ़ाने की शैली में सुधार लाने की जरूरत है. उन्होंने ऑनलाइन पढ़ाई पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि जिले के लिए एक और गौरव सीत योग इंजीनियरिंग कॉलेज है. इस छोटे से जिले में इंजीनियरिंग कॉलेज खोला गया है. बिहार को विशेष राज्य का दर्जा मिले, इसकी मैं भी कामना करता हूं. लेकिन, इससे कुछ होने वाला नहीं.
यह एक वैशाखी साबित होगी. पहले से ही 10 राज्यों को विशेष राज्य का दर्जा मिला है, लेकिन वहां की भी स्थिति जस की तस है. आज के लोगों को इतिहास की परिभाषा जानने की जरूरत है.
बनाया जायेगा स्टेडियम : मंत्री
सूबे के सहकारिता मंत्री रामाधार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार गीत से हम बता रहे हैं कि हमारे राज्य का किस तरह से विकास हो रहा है. उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बिहार आगे नहीं बढ़ने का कारण रहा कि राज्यपाल का सहयोग नहीं मिला. अब यह सहयोग मिल रहा है.
बिहार अब उच्च शिक्षा के क्षेत्र में काफी आगे बढ़ेगा. कॉलेज के लिए एक विशाल स्टेडियम का निर्माण कराया जायेगा. इसके लिए खेल मंत्री से बात की है. राजनीति के क्षेत्र में छात्र-छात्राओं को कदम रखने के लिए ही महाविद्यालय व विश्वविद्यालय में छात्र संघ का चुनाव कराया गया है. ताकि बच्चे राजनीति में आगे आएं.
राज्य का गौरव : निदेशक
राज्य सरकार के उच्च शिक्षा निदेशक प्रो सीताराम सिंह ने कहा कि राज्य का एकलौता सिन्हा कॉलेज है, जहां बी फर्मा की पढ़ाई शुरू हुई है. यह राज्य के लिए गौरव की बात है. राज्य सरकार उच्च शिक्षा के क्षेत्र में प्रयासरत है. इसे शीघ्र लागू किया जायेगा. सिर्फ राज्यपाल की मुहर लगने की जरूरत है.
जब राज्य में उच्च शिक्षा प्रणाली लागू हो जायेगी, तो प्रदेश के बच्चों को बाहर जाने का जरूरत नहीं पड़ेगी. राज्य के 11 कॉलेजों में बीएड की पढ़ाई कराने की मान्यता मिली है. और भी बीएड कॉलेज खोलने की जरूरत है. कॉलेजों के विकास के लिए डीपीआर तैयार कर विभाग को दें, ताकि विकास किया जा सके. निदेशक ने चुटकीले अंदाज में कहा कि जब इस महाविद्यालय में 12 हजार छात्र-छात्राएं नामांकित हैं, तो कार्यक्रम में पांच प्रतिशत भी क्यों नहीं आये प्राचार्य साहब.
सिन्हा कॉलेज प्राचार्य प्रो ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि आगामी सत्र से इस कॉलेज में स्नातकोतर समेत पांच विषयों की पढ़ाई प्रारंभ होगी. पिछले वर्ष इंटरमीडिएट में कॉलेज का रिजल्ट काफी अच्छा रहा था. इस कॉलेज में पढ़ने वाले बच्चे बाहर में बड़ी संख्या में नौकरी कर रहे है. इस कॉलेज में 12 हजार छात्र-छात्राएं नामांकित है.
कॉलेज में बीबीए ,एमसीए, एमबीए की पढ़ाई हो रही है. इसके अलावे परमार्शी की भी पढ़ाई होती है जो इकलौता है. खेलकूद के क्षेत्र में भी यह कॉलेज मगध क्षेत्र में अव्वल रहा है. कार्यक्रम में प्रो. शिवपूजन सिंह, प्रो. रंजीत कुमार सिंह, कांग्रेस नेता अरविंद शर्मा, मृत्युंजय सिंह, राकेश कुमार, रासिद अली, कौशलेंद्र प्रताप नारायण सिंह, मोहन सिंह, सचिन कुमार, सल्लू खां, श्रीकांत शर्मा,डा. फूलो पासवान, रविंद्र कुमार सिंह, कुमार योगेंद्र नारायण सिंह, राजेश कुमार सिंह ,जगन्नाथ सिंह सहित सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित थे.कार्यक्रम समाप्ति के बाद केरल के राज्यपाल के द्वारा 20 छात्र-छात्राओं को 10-10 हजार रुपये का चेक वितरण किया गया. वहीं बीएड का प्रोसपेक्टस का विमोचन किया गया.
