रफीगंज स्टेशन पर मालगाड़ी का डिब्बा खुला
रफीगंज (औरंगाबाद) : गया-मुगलसराय रेलखंड के रफीगंज रेलवे स्टेशन पर तेज रफ्तार से पार कर रही कोयले से लदी एक मालगाड़ी का एक डिब्बा खुल गया. इस दौरान मालगाड़ी से बड़ी तेजी के साथ कोयला निकल कर प्लेटफॉर्म पर पहुंच गया. इससे डेढ़ दर्जन से अधिक यात्री जख्मी हो गये.
जख्मी रामलखन यादव, मनोज यादव निवासी डबुरा, अरविंद यादव निवासी केशवपुर, पुनिया देवी निवासी कोटवारा, सीताराम पासवान निवासी बघोई कुशा, जगपति कुंवर निवासी पराग बिगहा का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है. पुनिया देवी की स्थिति गंभीर देखते हुए उसे मगध मेडिकल कॉलेज-अस्पताल, गया रेफर किया गया है. यह घटना रविवार को दिन के 3:45 बजे की है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गया की ओर से अप लाइन में एक कोयले से लदी मालगाड़ी मुगलसराय की तरफ जा रही थी. उसकी गति काफी तेज थी. जैसे ही रफीगंज स्टेशन के पूर्वी केबिन को उक्त ट्रेन ने पार कर स्टेशन के पास पहुंचा, कोयले से लदी एक बोगी खुल गयी और उसका कोयला काफी तेज गति से प्लेटफॉर्म पर उड़ कर पहुंचने लगा. इससे ट्रेन पकड़ने के इंतजार में खड़े यात्री उसकी चपेट में आ गये.
अधिकतर लोग तो भागने में सफल रहे और जो चपेट में आ गये वे जख्मी हो गये. स्थिति यह हो गयी थी कि पूरे स्टेशन परिसर में भगदड़ मच गयी. लोग जान बचाने के लिए भागने लगे. स्टेशन प्रबंधक एमएस अंसारी ने भी घटना की पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि जो यात्री जख्मी हुए हैं, वे फोरडीजी व इंटरसिटी एक्सप्रेस पकड़ने के लिए खड़े थे.
