Aurangabad News : औरंगाबाद जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए औरंगाबाद पुलिस लगातार विशेष अभियान चला रही है. शुक्रवार को जिलेभर में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 45 लोगों को गिरफ्तार किया. इनमें 10 अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया. कार्रवाई के दौरान हत्या, दुष्कर्म, दहेज हत्या, हत्या के प्रयास और मद्यनिषेध अधिनियम से जुड़े मामलों में गिरफ्तारी की गई.
हत्या से लेकर शराब तस्करी तक पर कसा शिकंजा
पुलिस के अनुसार अभियान में हत्या के एक, दुष्कर्म के एक, दहेज हत्या के एक, हत्या के प्रयास के तीन तथा मद्यनिषेध अधिनियम के छह अभियुक्तों समेत कुल 45 लोगों को गिरफ्तार किया गया. इसके अलावा विभिन्न अन्य मामलों में भी 33 आरोपितों को पकड़ा गया.
79.10 लीटर देशी शराब जब्त, कई जगह कार्रवाई
पुलिस कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार नवीनगर थाना क्षेत्र से 18.60 लीटर देशी शराब के साथ अनिल कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया. वहीं कुटुंबा थाना क्षेत्र में एक विधि-विरुद्ध बालक को 39.50 लीटर देशी शराब और एक मोटरसाइकिल के साथ निरुद्ध किया गया. इसी थाना क्षेत्र के एक अन्य मामले में 21 लीटर देशी शराब भी बरामद की गई.
साइबर ठगी के पीड़ित को लौटाए ₹90 हजार
साइबर थाना पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए साइबर ठगी के शिकार जितेंद्र प्रसाद के खाते में 90 हजार रुपये वापस कराए. पुलिस ने इसे साइबर अपराध के खिलाफ अभियान की बड़ी उपलब्धि बताया.
दो आरोपियों ने किया सरेंडर, 1,406 वाहनों की जांच
ओबरा थाना क्षेत्र के हत्या कांड के अभियुक्त राकेश कुमार और दुष्कर्म कांड के अभियुक्त प्रिंस कुमार ने पुलिस की लगातार छापेमारी और दबाव के बाद न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया. इसके अलावा पुलिस ने छह वारंटों का निष्पादन किया. जिलेभर में वाहन जांच अभियान के दौरान 1,406 वाहनों की जांच की गई, जबकि यातायात नियमों के उल्लंघन पर ₹2,76,500 का जुर्माना वसूला गया. पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराधियों और अवैध कारोबारियों के खिलाफ आगे भी सघन अभियान लगातार जारी रहेगा.
