औरंगाबाद (नगर) : जिले में बुधवार को इंटरमीडिएट की परीक्षा 30 परीक्षा केंद्रों पर शुरू हुई. पहले ही दिन तीन परीक्षा केंद्रों से तीन परीक्षार्थियों को कदाचार करने के आरोप में परीक्षा से निष्कासित किया गया. सदर अनुमंडल पदाधिकारी भीम प्रसाद ने बताया कि तीन परीक्षार्थियों को कदाचार करने के आरोप में परीक्षा से निष्कासित किया गया.
बीएल इंडो पब्लिक स्कूल से एक व बभंडी मध्य विद्यालय से दो परीक्षार्थियों को निष्कासित किया गया है. बुधवार से शुरू हुई परीक्षा दो पालियों में जिला प्रशासन द्वारा कदाचार मुक्त ली जा रही है. हालांकि, परीक्षार्थी लाख कोशिश के बावजूद भी कदाचार करते हुए जिला मुख्यालय के कई परीक्षा केंद्रों पर देखे गये. ऐसे में कदाचार पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक केंद्रों पर दंडाधिकारियों की तैनाती पुलिस जवानों के साथ की गयी है. कदाचार रोकने के लिए वीडियोग्राफी की व्यवस्था भी की गयी है. बावजूद परीक्षार्थी नकल कर रहे हैं.
पूरे दिन उड़नदस्ता, गश्ती दल परीक्षा केंद्रों का भ्रमण करते देखे गये. खुद जिला शिक्षा पदाधिकारी रामप्रवेश सिंह ने कई परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया. जिनके पास चिट-पुरजा था, उसे बाहर निकलवा कर फेंकवाया. इस दौरान वीक्षकों व ारीक्षार्थियों को हिदायत देते हुए कहा कि जो परीक्षार्थी कदाचार करते पकड़े जायेंगे, उन्हें किसी भी स्थिति में छोड़ा नहीं जायेगा. बल्कि परीक्षा से निष्कासित किया जायेगा. साथ ही, उस कमरे के वीक्षक पर भी कार्रवाई होगी. परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों की भीड़ लगी रही.
