सुंदरगंज के पास बटाने नदी पर बन रहा डायवर्सन पुल
औरंगाबाद कार्यालय : औरंगाबाद के सांसद सुशील कुमार सिंह द्वारा निजी राशि से सुंदरगंज के समीप बटाने नदी पर बन रहा डायवर्सन पुल एक सप्ताह में बन कर तैयार हो जायेगा. सांसद ने रविवार को डायवर्सन पुल में हो रहे निर्माण कार्य का जायजा लिया. सांसद ने कर्मचारियों से कहा कि जो काम अभी बचे हैं उसे तेजी से निबटाये.
श्री सिंह ने बताया कि इस पुल के निर्माण कार्य में ढलाई का कार्य एक-दो दिन में पूरा कर लिया जायेगा. पत्थर, ईंट व मोरम का काम पूरा हो चुका है. वह इस पुल के निर्माण के लिए कृत संकल्पित हैं और जब यह बन कर तैयार हो जायेगा, तो नवीनगर क्षेत्र के लोगों का आवागमन शुरू हो जायेगा.
सांसद ने कहा कि जिला मुख्यालय से माली होते नवीनगर जाने वाले मुख्य पथ पर बने इस पुल के टूट जाने से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया था.
उन्होंने महसूस किया कि इस पुल का निर्माण कराने में पुल निर्माण विभाग कोई दिलचस्पी नहीं ले रहा, इस परिस्थिति में एक ही विकल्प पास बचा था कि अपना पैसा लगा कर इस नदी पर पुल बनाया जाये.
अब यह पुल तैयार होने की स्थिति में आ गयी है. निरीक्षण में सांसद के साथ मुखिया मनीष राज पाठक, विनय मिश्र, पूर्व मुखिया मिलिंद पांडेय, राज कुमार सिंह, रवि सिंह, प्रदीप कुमार, आंशू सिन्हा भी साथ थे.
