जाम में घंटों फंसे रहना बना मजबूरी
औरंगाबाद नगर : शहर में अतिक्रमण की समस्या का कोई निराकरण नहीं निकल पा रहा है. जिला प्रशासन व गणमान्य लोगों की बैठकों में सड़क पर आये दिन लगनेवाले जाम को हटाने की वृहत चर्चा भी होती रही है, लेकिन परिणाम ढाक के तीन पात ही निकलता है. स्थिति यह है कि शहर की सड़कों पर दुकानें लगा दी जाती हैं. ऐसे में चारपहिया व दोपहिया वाहनों के आवागमन के बाद जाम लग जाता है. लोग परेशान होते हैं.
लोगों का कीमती वक्त जाम में फंस कर गुजर जाता है. समस्या से प्रशासन भी पूरी तरह अवगत है. लगातार समाचार पत्रों में भी इस समस्या को उजागर किया जा रहा है, लेकिन अब कुछ नहीं हो सका है. कुछ दिन पूर्व प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की घोषणा भी की गयी थी. इसके लिए एक महत्वपूर्ण बैठक भी हुई थी. इसमें निर्णय लिया गया था कि सबसे पहले सब्जी मार्केट से बाइपास तक जाम रहता है, जिसे हटाना आवश्यक है. लेकिन, अब तक इस काम को प्रशासनिक अधिकारी अमलीजामा नहीं पहना सके हैं.
मंत्री ने भी अतिक्रमण हटाने के दिये हैं निर्देश
तीन माह पहले जिले के प्रभारी मंत्री ब्रजकिशोर बिंद ने भी शहर से अतिक्रमण हटाने का निर्देश दे चुके हैं. फिर भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया है. इसका खामियाजा शहर के लोगों को भुगतना पड़ रहा है.
