भड़काऊ मैसेज सोशल मीडिया में नहीं करें वायरल
औरंगाबाद नगर : रामनवमी जुलूस के दौरान सोमवार को हुई हिंसक झड़प की सूचना पाकर मगध प्रमंडल आयुक्त जितेन्द्र कुमार व मगध डीआईजी भी जिला मुख्यालय पहुंचे़ इस दौरान शहर में हुए नुकसान व घटना की पूरी जानकारी ली़ इन वरीय अधिकारियों ने स्वयं शहर के सभी मुहल्लों का भ्रमण किया़ आयुक्त ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है़ जो भी कानून को हाथ में लेगा, उसे बख्शा नहीं जायेगा़ ऐसे तमाम लोगों पर कठोर कार्रवाई होगी.
जिलाधिकारी राहुल रंजन महिवाल ने बताया कि पथराव व तोड़फोड़ की घटनाओं के सिलसिले में लगभग 50 लोगों को हिरासत में लिया गया है. और उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिए पूरे शहर में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है़ दोषी लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा़ सबके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी़ फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है़ पुलिस अधीक्षक डाॅ सत्यप्रकाश ने भी गया से आये वरीय अधिकारियों को स्थिति की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि जिले की स्थिति नियंत्रण में है़
लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गयी है. जो भी लोग अफवाह या भड़काऊ मैसेज सोशल मीडिया में वायरल करेंगे, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी. पूरे शहर में पुलिस बल की तैनाती कर दी गयी है और हर व्यक्ति की गतिविधियों पर प्रशासन की नजर है़
