महाराजगंज रोड स्थित सेंट्रल बैंक में हुई घटना
लाखों का नुकसान
औरंगाबाद नगर : शहर के महाराजगंज रोड में स्थित सेंट्रल बैंक में बुधवार की दोपहर अचानक आग लग गयी. शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात कही जा रही है. आग लगने के तुरंत बाद अफरातफरी का माहौल कायम हो गया. उपभोक्ता व कर्मी दौड़ते हुए बाहर निकले. कई कर्मी डर से बैंक की छत पर चढ़ गये. घटना की जानकारी तत्काल नगर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड टीम को दी गयी, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां वहां पहुंच गयी. बैंक के बाहरी हिस्से से फायर ब्रिगेड की टीम ने सीढ़ी लगा कर प्रवेश किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया.
महाराजगंज रोड में एक निजी भवन के प्रथम तल्ले पर सेंट्रल बैंक का संचालन होता है. बैंक प्रबंधक पंकज नारायण ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गयी जो तेजी से फैली. सूचना मिलते ही एसडीपीओ पीएन साहू, नगर थानाध्यक्ष राजेश कुमार वर्णवाल, दारोगा दुर्गा पांडेय, भाजपा प्रवक्ता उज्वल कुमार, सहित कई अन्य लोग पहुंचे. फायर ब्रिगेड के अधिकारी ने बताया कि आग पर नियंत्रण स्थापित कर लिया गया है. बैंक अधिकारी ने कहा कि आग से हुई क्षति का आकलन किया जा रहा है,जबकि सरवर सिस्टम पूरी तरह से जल गया हैं. वहीं कई कागजात भी जल गये हैं. बैंक की सेवा बहाल करने में कम से कम एक सप्ताह का समय लग जायेगा. इधर अगलगी की घटना के बाद महाराजगंज रोड में भयावह जाम लग गया, जिसे हटाने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी. पता चला कि नगर थाना के दारोगा दुर्गा पांडेय वहां पर पहले से ही मौजूद नहीं रहते और बैंक कर्मियों को जबरन बाहर नहीं निकालते तो एक बड़ा हादसा हो सकता था.
