छापेमारी की सूचना के बाद कलेक्ट्रेट में पसरा सन्नाटा, कई अफसर अचानक हो गये गायब

साढ़े 10 बजे सीबीआई के कुछ अधिकारी पहुंचे समाहरणालय भी औरंगाबाद कार्यालय : डीएम कंवल तनुज के आवास पर सीबीआई की छापेमारी से पूरे जिले में खलबली मच गयी थी. सुबह आठ बजे से शुरू हुई छापेमारी शाम तक जारी रही. सीबीआई के एसपी राजीव रंजन कुमार के नेतृत्व में यहां पहुंची टीम ने डीएम […]

साढ़े 10 बजे सीबीआई के कुछ अधिकारी पहुंचे समाहरणालय भी

औरंगाबाद कार्यालय : डीएम कंवल तनुज के आवास पर सीबीआई की छापेमारी से पूरे जिले में खलबली मच गयी थी. सुबह आठ बजे से शुरू हुई छापेमारी शाम तक जारी रही. सीबीआई के एसपी राजीव रंजन कुमार के नेतृत्व में यहां पहुंची टीम ने डीएम के आवास समेत समाहरणालय स्थित उनके कार्यालय को भी खंगाल डाला. छापेमारी के चलते समाहरणालय परिसर में भी सन्नाटा पसरा रहा. रोज की तरह शुक्रवार को भीड़ नहीं दिखी. बड़े अधिकारियों के वाहन लगभग नहीं के बराबर ही थे. विभिन्न विभागों में काम करनेवाले कनीय कर्मी हमेशा की तरह अपने कार्यालय में तो पहुंचे, पर बेमन से ही फाइलें टटोलीं. दरअसल, बड़े साहब दिख ही नहीं रहे थे.
साढ़े 10 बजे के करीब जैसे ही सीबीआई के कुछ पदाधिकारी समाहरणालय की सीढ़ियों से डीएम कार्यालय में पहुंचे, वैसे ही दहशत कायम हो गया. कुछ पदाधिकारी अपने कार्यालय के समीप पहुंचे तो थे पर मौका देख फरार हो गये़ एडीएम रामअनुग्रह सिंह व जिला भू-अर्जन पदाधिकारी वहां मौजूद थे, जिनसे सीबीआई अफसरों ने बात की. सबसे खास बात यह थी कि शुक्रवार को समाहरणालय का कोना-कोना सन्नाटे की आगोश में था. कल तक जहां वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती थीं वहां शुक्रवार को न लोग दिख रहे थे और ना ही वाहन. जिला नजारत व भू-अर्जन कार्यालय में कुछ कर्मी थे भी तो बेचैनी में समय काटते दिखे.
हर कार्यालय में थी चुप्पी
जिला प्रतिलिपि शाखा में बड़े बाबू कुछ कर्मचारियों से सीबीआई की छापेमारी की ही चर्चा कर रहे थे. जिला पंचायत शाखा में दोपहर तीन बजे मात्र एक कर्मचारी मौजूद था. वहीं, जिला विधिक शाखा में भीड़ थी और कर्मचारी काम करते देखे गये. आपूर्ति शाखा में दो कर्मचारी मौजूद थे, जबकि जिला स्थापना शाखा व जिला नजारत शाखा में कर्मचारी आपस में सीबीआई की छापेमारी की चर्चा में ही व्यस्त थे. अधिकतर के चेहरे पर िचंता की लकीरें थीं.
साथ ले गये कई कागजात
सीबीआई की टीम समाहरणालय स्थित एडीएम कार्यालय भी पहुंची. गेट बंद कर एडीएम रामानुग्रह सिंह व उनके कार्यालय के अन्य कर्मचारियों से पूछताछ की. इस दौरान कुछ कागजात भी वे लोग उठा लिये, जिन्हें वे अपने साथ ले गये. जिला भू-अर्जन पदाधिकारी मंजूर अली को भी दस्तावेज के साथ पूछताछ के लिए डीएम आवास तक साथ ले गये.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >