रफीगंज रेलवे स्टेशन पर छात्रों का उत्पात, बाधित रही ट्रेनों की आवाजाही

रफीगंज (औरंगाबाद) : रेलवे के ग्रुप-डी पदों की भर्ती में उम्रसीमा को पूर्ववत करने और आईटीआई की अनिवार्यता को खत्म करने की मांगों को लेकर रविवार सुबह रफीगंज रेलवे स्टेशन पर छात्रों व बेरोजगार युवाओं ने लगभग पांच घंटे तक जम कर उत्पात मचाया. इस दौरान रेलवे ट्रैक पर ट्रेनों का आवागमन बाधित रहा. स्थिति […]

रफीगंज (औरंगाबाद) : रेलवे के ग्रुप-डी पदों की भर्ती में उम्रसीमा को पूर्ववत करने और आईटीआई की अनिवार्यता को खत्म करने की मांगों को लेकर रविवार सुबह रफीगंज रेलवे स्टेशन पर छात्रों व बेरोजगार युवाओं ने लगभग पांच घंटे तक जम कर उत्पात मचाया. इस दौरान रेलवे ट्रैक पर ट्रेनों का आवागमन बाधित रहा. स्थिति को नियंत्रण करने गये रेलवे और जिला पुलिस के पदाधिकारियों व जवानों पर पथराव भी किया. इनमें स्टेशन मास्टर समेत करीब आधा दर्जन जवान जख्मी हो गये. इसके बाद जवानों ने हवाई फायरिंग कर युवाओं को तितर-बितर कर दिया. इस मामले में 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है.
आक्रोशित युवाओं ने सोननगर जीआरपी व इंस्पेक्टर के वाहनों के साथ-साथ बीडीओ गुलजारी लाल पंडित व सीओ राघवेंद्र दयाल के वाहन को ईंट व लाठी-डंडों से क्षतिग्रस्त कर दिया. छात्रों के आक्रोश को देखते हुए रेलवे और स्थानीय पुलिस के जवान भाग खड़े हुए. युवाओं का आक्रोश यही नहीं रुका और पूर्वी केबिन को तहस-नहस कर दिया. प्लेटफाॅर्म स्थित एक यात्री शेड को भी नष्ट कर दिया.
केबिन में बैठे स्टेशन मास्टर राजीव कुमार को भी चोटें आयी हैं. इनके अलावा आरपीएफ इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार सहित आधे दर्जन जवान भी घायल हो गये. घायलों का स्थानीय अस्पतालों में इलाज कराया गया. स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को लगभग 18 राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी. हालांकि, पुलिस पदाधिकारियों ने 14 राउंड गोली चलाने की बात कही है.
इधर, घटना की सूचना पाकर डीएम कंवल तनुज, एसडीओ सुरेंद्र प्रसाद, एसडीपीओ पीएन साहू सहित पुलिस के कई पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया. औरंगाबाद पुलिस लाइन से भी भारी संख्या में जवानों को बुलाया गया था.
जिलाधिकारी ने कहा कि दो-तीन सौ लोगों ने आवेश में आकर रेलवे ट्रैक जाम कर पथराव की घटना को अंजाम दिया है. जीआरपी के स्तर से प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जायेगी. इधर, एसडीपीओ पीएन साहू ने बताया कि पुलिस ने अपनी रक्षा के लिए 14 राउंड गोलियां चलायी हैं. कुछ जवानों को चोटें लगी हैं, जिनका इलाज भी कराया गया. इस मामले में 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है.
विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी रहीं ट्रेनें : रफीगंज स्टेशन पर छात्रों के उत्पात से गया-मुगलसराय रेलखंड पर लगभग पांच घंटे तक ट्रेनों का आवागमन बाधित रहा. इस दौरान सुबह 7.55 से लेकर दोपहर 1.37 बजे तक विभिन्न स्टेशनों पर कई ट्रेनें खड़ी रहीं, जिससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा. हालात सामान्य होने पर ट्रेनों का परिचालन शुरू किया गया, जिसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >