अवरल में मवेशी को बचाने के दौरान करंट की चपेट में आने से मां-बेटे की मौत, परिवार में मचा कोहराम

अरवल जिले में बिजली का करंट एक परिवार पर कहर बनकर टूटा. झुनाठी गांव में गाय को बचाने के प्रयास में मां और बेटे की दर्दनाक मौत हो गई. इस हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है.

करपी से अजित कुमार शेखर की रिपोर्ट Arwal News: जिले के किंजर थाना क्षेत्र के झुनाठी गांव में बुधवार की सुबह करीब आठ बजे करंट की चपेट में आने से मां और बेटे की मौत हो गई. हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है. मृतकों की पहचान झुनाठी निवासी हरेराम शर्मा की पत्नी सीमा देवी (50) और उनके छोटे पुत्र शुभम कुमार (19) के रूप में हुई है.

गाय को बचाने में हुआ हादसा

ग्रामीणों के अनुसार, सीमा देवी सुबह अपने घर के समीप ट्रांसफार्मर के पास गई थीं. इसी दौरान वहां लटके विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में उनकी गाय आ गई. गाय को बचाने के प्रयास में सीमा देवी भी ट्रांसफार्मर के विद्युत प्रवाहित स्टेक के संपर्क में आ गईं. करंट लगने से वह मौके पर ही छटपटाने लगीं.

मां को करंट की चपेट में आया देख उनका छोटा पुत्र शुभम कुमार उन्हें बचाने के लिए दौड़ा. इसी दौरान वह भी विद्युत प्रवाह की चपेट में आ गया. करंट लगने से मां और बेटा दोनों गंभीर रूप से झुलस गए.

अस्पताल पहुंचने से पहले टूटी सांस

हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में दोनों को सदर अस्पताल अरवल पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया. पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

ग्रामीणों ने बताया कि हरेराम शर्मा का परिवार पशुपालन के सहारे जीवनयापन करता था. परिवार के बड़े पुत्र चंदन कुमार का हाल ही में बिहार पुलिस में चयन हुआ था और वह करीब एक सप्ताह पहले प्रशिक्षण के लिए गया था. वहीं, छोटे पुत्र शुभम कुमार का अग्निवीर में चयन हो चुका था. मां और बेटे की एक साथ मौत से परिवार में कोहराम मच गया है. गांव में भी शोक का माहौल है.

Also Read: अरवल जिला हुआ 25 साल का, अब मेडिकल कॉलेज, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और उद्योगों से बदलेगी तस्वीर


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विकाश झा

विकाश झा डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में छह वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है. स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट, समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर उनकी विशेष पकड़ है. वे तथ्य आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >