Jehanabad News: जहानाबाद नगर थाना क्षेत्र के अरवल मोड़ के समीप से पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से बाइक सवार झपट्टा मार गैंग के दो सदस्यों को पकड़ा है. पकड़े गए बाइक सवार उचक्कों में पटना जिले के मसौढ़ी थाना अंतर्गत केशोचक का रहने वाला रोशन कुमार एवं विक्रम के दिनारा का रहने वाला दीपक कुमार बताया जाता है. हालांकि पुलिस को प्राथमिक पूछताछ के क्रम में उक्त नाम व पता सामने आई है, लेकिन इसकी आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं हुई है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि बुधवार को अरवल जिले के किंजर की रहने वाली गुड्डू कुमार की पत्नी बाजार से घर लौट रही थी. इसी क्रम में बाइक सवार उचक्कों ने उन्हें निशाना बनाया और टेंपो से उतरते ही उनके गले से सोने की चैन झपटकर फरार हो गए थे.
स्थानीय युवकों ने किया पीछा
बताया जाता है कि पीड़िता के पति गुड्डू पैसे से ग्रामीण स्तर पर चिकित्सक का काम करते हैं, जिन्होंने अपने दोस्तों को पूरे घटना से अवगत कराया था. इसके बाद स्थानीय युवकों की टोली बाइक सवार उचक्के की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास में लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज की जांच पड़ताल की, जिसमें दो संदिग्ध युवकों का चेहरा सामने आया था. बताया जाता है कि बाइक सवार उचक्के फिर से झपट्टा मारी की घटना को अंजाम देने के फिराक में किंजर इलाके में पहुंचे थे. जिसे देखते ही स्थानीय लोग पहचान गए और युवकों को पकड़ने के लिए खदेड़ा तो झपट्टा मार जहानाबाद की ओर भाग निकले. जिसे युवकों ने बाइक से पीछा करते हुए जहानाबाद अरवल मोड़ के समीप पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया.
कबूली आधा दर्जन वारदातें
पकड़े जाने के बाद झपट्टा मारों को नगर थाना लाया गया जहाँ कड़ी पूछताछ की गई. पूछताछ के क्रम में पता चला है कि यह झपट्टा मार गिरोह पिछले कई दिनों में लगभग आधा दर्जन लोगों को अपना शिकार बना चुका है और कई लोगों के गले से आभूषण झपटकर फरार हो चुका है. पूछताछ के क्रम में यह बात भी सामने आई है कि इन झपट्टा मारों का महिला यात्री सॉफ्ट टारगेट रहती थीं, जिन्हें बाजार के भीड़भाड़ वाले इलाके, खास कर जहानाबाद के अरवल मोड़ सहित स्थानीय बाजार के चौक-चौराहों से टेंपो पकड़ने वाली महिलाओं की ये रेकी करते थे. और फिर यात्री का पीछा कर मौका पाते ही उनके आभूषण झपटकर बाइक से फरार हो जाते थे.
बॉर्डर इलाके को बनाते थे टारगेट
बताया जाता है कि पकड़े गए झपट्टा मार गिरोह के सदस्य हमेशा दो थानों के बॉर्डर इलाके को टारगेट करते थे. इन दिनों जहानाबाद व अरवल जिला का बॉर्डर इलाका किंजर को इन्होंने सेफ जोन बना रखा था, जहाँ छिनतई की घटना को अंजाम देते थे और फिर दूसरे जिले में प्रवेश कर आसानी से फरार हो जाते थे. झपट्टा मार गिरोह के सदस्यों का किंजर का इलाका सॉफ्ट टारगेट बन चुका था, जहाँ कई घटनाओं को अंजाम दिया था. जहानाबाद के मुख्य बाजार से लेकर स्थानीय बाजार के अलग-अलग इलाकों में घूम-घूम कर झपट्टा मारी एवं छिनतई जैसी आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते थे. फिलहाल पुलिस पकड़े गए गिरोह के सदस्यों एवं बरामद पल्सर बाइक की जांच पड़ताल में जुटी है. इधर पकड़े जाने के बाद जहानाबाद के नगर, परस बीघा एवं अरवल जिले के किंजर थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है.
Also Read: जहांगीरपुर में श्रीरामचरित मानस नवाह ज्ञान यज्ञ में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, भक्तिमय हुआ माहौल
