Jehanabad News : अरवल जिले के करपी प्रखंड क्षेत्र के महरिया गांव स्थित नवसृजित प्राथमिक विद्यालय बाढ़ के पानी से पूरी तरह घिर गया है. पुनपुन नदी के उफान पर रहने के कारण नदी के बिल्कुल समीप स्थित विद्यालय परिसर में चारों तरफ पानी भर गया है. इससे स्कूल में पढ़ने वाले करीब 100 छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षकों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
बढ़ता जलस्तर, स्कूल में रखे चावल पर खतरा
ग्रामीणों के अनुसार पुनपुन नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. स्थानीय ग्रामीण वीरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि यदि रात तक नदी का जलस्तर कम नहीं हुआ तो विद्यालय में रखे मध्याह्न भोजन के चावल सहित अन्य जरूरी सामग्री के भी बर्बाद होने की आशंका है. विद्यालय के आसपास बाढ़ का पानी जमा रहने से बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है.
हर साल बाढ़ में घिरता है विद्यालय
ग्रामीणों ने बताया कि पुनपुन नदी के बिल्कुल समीप विद्यालय होने के कारण प्रत्येक वर्ष बाढ़ के दौरान ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है. इसके बावजूद शिक्षा विभाग की ओर से अब तक विद्यालय को बाढ़ से सुरक्षित रखने के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गयी है. पानी भरने के कारण बच्चों और शिक्षकों को स्कूल पहुंचने में भी काफी परेशानी होती है.
ग्रामीणों ने तत्काल कदम उठाने की मांग की
ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से विद्यालय की सुरक्षा, बच्चों की पढ़ाई और मध्याह्न भोजन की सामग्री को सुरक्षित रखने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो विद्यालय की स्थिति और गंभीर हो सकती है.
