अरवल में 12,113 पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण लंबित, डीएम ने शीघ्र निष्पादन का दिया निर्देश

अरवल में जिला विकास एवं समन्वय समिति की बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई. डीएम ने 12,113 पेंशनधारियों के जीवन प्रमाणीकरण में तेजी लाने और अन्य लंबित कार्यों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया.

Arwal News : अरवल जिला पदाधिकारी अमृषा बैंस की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में जिला विकास एवं समन्वय समिति की समीक्षात्मक बैठक हुई. इसमें विभिन्न विभागों की ओर से संचालित विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गयी. डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन करते हुए योजनाओं का लाभ आमजन तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाने का निर्देश दिया.

सहयोग शिविर के लंबित आवेदनों के निष्पादन का निर्देश

बैठक में सहयोग शिविर पोर्टल पर लंबित आवेदनों की विभागवार समीक्षा की गयी. डीएम ने सभी संबंधित विभागों को आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने तथा लंबित मामलों के निराकरण के लिए राज्य स्तरीय सहयोग टीम से समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया. उन्होंने प्रखंड स्तर पर भी सहयोग शिविर आयोजित करने को कहा.

पहुंच पथ और पुल निर्माण की ली जानकारी

ग्रामीण कार्य विभाग की समीक्षा के दौरान विभिन्न पहुंच पथों एवं पुलों से संबंधित कार्यों की जानकारी ली गयी. डीएम ने निर्मित सड़कों का मानचित्र उपलब्ध कराने तथा निर्माणाधीन कार्यों को नियमानुसार पूरा कराने का निर्देश दिया. भू-अर्जन विभाग की समीक्षा में पुनपुन नदी पर उच्चस्तरीय मेजर पुल तथा राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-139 से संबंधित भू-अर्जन, पुनर्वास एवं पुनर्व्यवस्थापन की कार्रवाई की जानकारी ली गयी. मंगराहाट से इब्राहिमपुर के बीच निर्मित आरसीसी पुल के पहुंच पथ समेत अन्य संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया.

12,113 पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण बाकी

सामाजिक सुरक्षा एवं जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग की समीक्षा में बताया गया कि जिले में कुल 92,542 पेंशनधारी हैं. इनमें 12,113 पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण लंबित है. डीएम ने लंबित जीवन प्रमाणीकरण का शीघ्र निष्पादन कराने का निर्देश दिया. साथ ही दिव्यांगजनों से संबंधित मामलों का शिविर के माध्यम से निराकरण सुनिश्चित करने को कहा.

1664 यूडीआईडी आवेदन पोर्टल पर लंबित

शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान एनीमिया की दवा वितरण, विद्यालयों में आंगनबाड़ी केंद्रों के स्थानांतरण, पोषण वाटिका निर्माण तथा दिव्यांगजनों के यूडीआईडी प्रमाण-पत्र से संबंधित लंबित आवेदनों की जानकारी ली गयी. स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि यूडीआईडी पोर्टल पर 1664 आवेदन लंबित हैं. डीएम ने प्रखंड स्तर पर आयोजित शिविरों में चिकित्सकों की टीम के माध्यम से इन आवेदनों का शीघ्र निष्पादन कराने का निर्देश दिया.

607 आंगनबाड़ी केंद्रों को स्कूलों में शिफ्ट करने का निर्देश

बाल विकास परियोजना की समीक्षा में बताया गया कि 607 आंगनबाड़ी केंद्र किराये के भवनों में संचालित हो रहे हैं. डीएम ने इन केंद्रों को नजदीकी प्राथमिक विद्यालयों में शिफ्ट करने की कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया. साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा.

30 पंचायत सरकार भवनों में 12 का निर्माण पूरा

पंचायती राज विभाग की समीक्षा में निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवनों के पहुंच पथ एवं हस्तांतरण की स्थिति की जानकारी ली गयी. बताया गया कि जिले में 30 पंचायत सरकार भवनों का निर्माण चल रहा है. इनमें 12 भवनों का निर्माण पूरा हो चुका है और 8 ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित भी किया जा चुका है. डीएम ने शेष भवनों से संबंधित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया.

पेयजल योजनाओं में स्मार्ट मीटर की भी समीक्षा

लोक स्वास्थ्य प्रमंडल की समीक्षा के दौरान पुरानी पेयजल योजनाओं में स्मार्ट मीटर अधिष्ठापन और पेयजल व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली गयी. इसके अलावा लघु सिंचाई प्रमंडल में विभिन्न भू-खंडों की मापी एवं मापी प्रतिवेदन, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, मत्स्य विभाग तथा विकसित भारत जी राम जी से संबंधित योजनाओं की भी समीक्षा की गयी.

समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण काम पर जोर

डीएम ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को बैठक में दिये गये निर्देशों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने विकास योजनाओं का लाभ प्रभावी तरीके से आमजन तक पहुंचाने का निर्देश दिया. बैठक में अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, विशेष कार्य पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी समेत जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By निशिकांत सिंह

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >