Arwal News : अरवल डीएम अमृषा बैंस ने गुरुवार को कलेर प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों में संचालित प्रशासनिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों की प्रगति, अभिलेखों के संधारण और आम लोगों को उपलब्ध करायी जा रही सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली.
अभिलेखों और पंजियों का किया अवलोकन
जिला पदाधिकारी ने प्रखंड एवं अंचल कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का भ्रमण कर संबंधित अभिलेखों और पंजियों का अवलोकन किया. उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति, कार्यालयी कार्यों के निष्पादन और आम नागरिकों से प्राप्त आवेदनों के निपटारे की स्थिति की समीक्षा की. उन्होंने निर्देश दिया कि आम लोगों से जुड़े मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ निष्पादन सुनिश्चित किया जाए.
लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीएम ने लंबित मामलों की समीक्षा की. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर लंबित मामलों का निष्पादन करने का निर्देश दिया. कहा कि प्रखंड और अंचल स्तर पर आने वाले लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े, इसके लिए कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाया जाए.
राजस्व मामलों में पारदर्शिता पर जोर
अंचल कार्यालय के निरीक्षण के दौरान राजस्व से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गयी. डीएम ने राजस्व मामलों के त्वरित निष्पादन, अभिलेखों के उचित संधारण और भूमि से जुड़े मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि राजस्व प्रशासन से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए.
साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं की भी जांच
डीएम ने कार्यालय परिसर में साफ-सफाई, अभिलेखों के व्यवस्थित रखरखाव और आम नागरिकों के लिए उपलब्ध आवश्यक सुविधाओं की भी समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को कार्यालय परिसर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित रखने तथा लोगों के लिए बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
अंतिम पायदान तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
डीएम ने कहा कि सरकार की योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें.
मौके पर अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी समेत जिला एवं प्रखंड स्तर के कई पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे.
