Arwal News : अरवल जिले के कलेर प्रखंड स्थित बेलसार स्थित सूर्य मंदिर परिसर में रविवार को सेविका-सहायिका संघ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता पुष्पा देवी ने की. इसमें क्षेत्र की बड़ी संख्या में सेविका एवं सहायिकाओं ने भाग लिया और अपनी विभिन्न समस्याओं एवं संघ से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की.
सात माह से मानदेय और तीन माह से पोषाहार बाधित
बैठक के दौरान सेविका एवं सहायिकाओं को पिछले सात माह से मानदेय नहीं मिलने तथा तीन माह से पोषाहार बाधित रहने पर सदस्यों ने क्षोभ व्यक्त किया. वक्ताओं ने कहा कि सेविका-सहायिकाएं ग्रामीण स्तर पर महिला एवं बाल विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन करती हैं. इसके बावजूद समय पर मानदेय और पोषाहार नहीं मिलने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
बैठक में विभागीय कार्यों, पोषण कार्यक्रम, सेविका-सहायिकाओं की समस्याओं के समाधान और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा की गयी. सदस्यों ने अपनी समस्याएं और सुझाव भी रखे. साथ ही संघ से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने और आपसी एकजुटता बनाये रखने पर जोर दिया गया.
प्रखंड कार्यकारिणी का किया गया गठन
बैठक के दौरान संघ की प्रखंड कार्यकारिणी का गठन किया गया. इसमें विभिन्न पंचायतों से सेविका-सहायिकाओं को शामिल किया गया. सोहसा पंचायत से बिणा कुमारी एवं विमला देवी, कामता से पूनम कुमारी एवं प्रभा देवी, मैनपुरा से उर्मिला कुमारी एवं ललिता देवी, इंजोर से वैजयंती देवी एवं विमला पासवान तथा वालिदाद से नाजिया परवीन एवं जीनत परवीन को कार्यकारिणी में जगह दी गयी.
उसरी पंचायत से रेशमा कुमारी एवं किरण कुमारी, पहलेजा से ललित कुमारी एवं रंजू कुमारी, जयपुर से किरण देवी एवं सुनीता कुमारी, सकरी खुर्द से रीना देवी एवं फूल कुमारी, इस्माइलपुर से रीना कुंवर एवं सुरंती कुमारी, बेलसार से मुन्नी कुमारी एवं आरती कुमारी, बेलांव से श्रीकांति कुमारी एवं उर्मिला देवी, दक्षिणी कलेर से गीता कुमारी एवं प्रमिला कुमारी तथा उत्तरी कलेर से शबाना परवीन एवं शगुफ्ता नाज को कार्यकारिणी में शामिल किया गया.
सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन
बैठक में उपस्थित सेविका-सहायिकाओं ने सर्वसम्मति से नलिन कुमार को कार्यवाहक अध्यक्ष, प्रियंका कुमारी को सचिव, रंजू देवी को कोषाध्यक्ष और कविता कुमारी को संयोजक चुना.
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने तथा सेविका-सहायिकाओं की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर कार्य करने की बात कही. बैठक में आगामी गतिविधियों और संघ की भविष्य की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया.
