अरवल में 414 लीटर विदेशी शराब लदी कार बरामद, पुलिस को देखते ही गाड़ी छोड़कर चालक फरार

जहानाबाद के मेहंदिया में पुलिस ने 414 लीटर विदेशी शराब से लदी महिंद्रा एक्सयूवी-500 जब्त की. पुलिस को देखकर चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया. दशहरा को लेकर क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाई गई है.

Arwal News : कलेर के मेहंदिया थाना क्षेत्र में रविवार की अहले सुबह पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विदेशी शराब से लदी महिंद्रा एक्सयूवी-500 गाड़ी बरामद की. गाड़ी की तलाशी में अलग-अलग ब्रांड की कुल 414 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई. पुलिस को देखते ही चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त कर लिया है तथा चालक और शराब कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में जुट गयी है.

जांच करने के दौरान शराब बरामद

बताया जाता है कि मेहंदिया थाना की रात्रि गश्ती टीम रविवार की सुबह क्षेत्र में वाहन जांच कर रही थी. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि महिंद्रा एक्सयूवी-500 से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब ले जायी जा रही है. सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू कर दी. पुलिस को गाड़ी दिखाई देने के बाद उसका पीछा किया गया. पुलिस वाहन को पीछे आता देख चालक ने वालिदाद बाजार समिति के समीप एनएच-139 मुख्य सड़क पर एक्सयूवी-500 खड़ी कर दी और मौके से फरार हो गया.

हैंडल लॉक कर भागा चालक

चालक ने पुलिस से बचने के लिए गाड़ी का हैंडल लॉक कर दिया था. इसके कारण पुलिस को वाहन खोलने में काफी परेशानी हुई. काफी प्रयास के बाद गाड़ी का लॉक खोला गया और पुलिस ने उसकी तलाशी ली.

गाड़ी से बरामद हुई 414 लीटर शराब

तलाशी के दौरान गाड़ी से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई. पुलिस के अनुसार किंगफिशर स्ट्रांग प्रीमियम बीयर की 500 एमएल की 612 बोतल बरामद की गयी, जिसकी कुल मात्रा 306 लीटर है. इसके अलावा क्लासिक ओल्ड हैबिट व्हिस्की की 750 एमएल की 60 बोतल, कुल 45 लीटर तथा 375 एमएल की 168 बोतल, कुल 63 लीटर बरामद की गयी. इस तरह वाहन से कुल 414 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई. पुलिस ने शराब के साथ सिल्वर रंग की महिंद्रा एक्सयूवी-500, जिसका पंजीकरण नंबर UP50AA1212 है, को भी जब्त कर लिया.

गाड़ी देखने के लिए जुटी लोगों की भीड़

शराब बरामद होने की सूचना आसपास के इलाके में फैलते ही वालिदाद बाजार समिति के समीप बड़ी संख्या में लोग जुट गये. लोग सड़क किनारे खड़ी शराब लदी गाड़ी को देखने के लिए काफी देर तक मौके पर मौजूद रहे. पुलिस ने वाहन और बरामद शराब को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी.

दशहरा को लेकर बढ़ायी गयी चौकसी

दशहरा पर्व नजदीक होने के कारण पुलिस ने क्षेत्र में वाहन जांच और रात्रि गश्ती बढ़ा दी है. पुलिस को आशंका है कि पर्व के दौरान शराब की मांग बढ़ने की संभावना को देखते हुए अवैध कारोबारी शराब की बड़ी खेप जमा करने में जुटे हैं. इसी अभियान के तहत शराब की इस बड़ी खेप की बरामदगी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

चालक और कारोबारियों की पहचान में जुटी पुलिस

मेहंदिया थानाध्यक्ष मनोरंजन कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गयी. पुलिस को देखते ही चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया था. गाड़ी हैंडल लॉक होने के कारण उसे खोलने में परेशानी हुई. वाहन की तलाशी लेने पर कुल 414 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई. उन्होंने बताया कि जब्त वाहन के आधार पर चालक और शराब के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है. मामले में नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अंजनी कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >