अरवल : दिल्ली में शुक्रवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने सीट शेयरिंग को लेकर ऐलान कर दिया. इसके थोड़ी ही देर बाद आरएलएसपी नेता उपेंद्र कुशवाहा ने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव से अरवल स्थित गेस्ट हाउस में मुलाकात की. इस मुलाकात के बाद तेजस्वी ने कहा कि यह एक सकारात्मक बैठक थी. लेकिन यह खुलासा करना अनिवार्य नहीं है कि हमने क्या बात की. एक ही दीन में सब थोड़ी न होता है. धीर- धीर गाड़ी बढ़ती है.
तेजस्वी ने कहा कि मेरा अरवल में एक निर्धारित कार्यक्रम था और सर्किट हाउस में उन्हें (उपेंद्र कुशवाहा) मिला. बैठकें हमेशा सकारात्मक होती है. यह पूछे जाने पर कि क्या चिराग पासवान से भी बात हुई है. इस पर उन्होंने कहा कि किस मुद्दे पर किससे बातचीत हुई है सब कुछ उचित समय में सामने आयेगा. धीरे-धीरे चीजें स्पष्ट हो जायेगी. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी डर गयी है. उन्होंने अपना स्तर नीचे गिरा दिया है. जमीनी हकीकत अलग हैं. 22 सीटें पर जीतने वाले लोग अब 17 सीटों पर लड़ने के लिए तैयार हैं.
