अरवल ग्रामीण : भारत स्काउट एंड गाइड जिला इकाई के तत्वावधान में प्लस टू जीए उच्च विद्यालय अरवल से खुले में शौच से मुक्ति को लेकर रैली निकाली गयी. रैली को नप कार्यपालक पदाधिकारी दिनेश राम , जीए उच्च विद्यालय के भिखर रविदास एवं स्काउट गाइड के जिला संगठन आयुक्त विजय कुमार सिन्हा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखा कर रवाना किया. इस अवसर पर अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि यह अभियान राष्ट्र पिता महात्मा गांधी के जन्मदिन दो अक्तूबर तक संपूर्ण स्वच्छता के संकल्प के साथ चलाया जायेगा.
इस दौरान स्काउट गाइड के बच्चों द्वारा नप क्षेत्र के वार्डों में भ्रमण कर खुले में शौच से मुक्ति के लिए लोगों को जागरूक करने का कार्य किया गया. इसके तहत खुले में शौच से होने वाली बीमारी को भी घर-घर जाकर जानकारी देने का कार्य किया गया. बच्चों द्वारा अपनी हाथों में तख्ती पर स्लोगन लिखित खुले में शौच करने से होने वाली हानि व लाभ के बारे में नारे लगाये गये. रैली में नगर पर्षद के अभिराम पाठक, स्काउट के शिक्षक शैलेश कुमार शिवशंकर कुमार, गाइड पूनम , चूही के अलावे काफी संख्या में स्काउट गाइड के युवक -युवतियां शामिल थी.
