अरवल : पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार मिश्र की अध्यक्षता में कार्यालय कक्ष में मासिक अपराध गोष्ठी की बैठक की गयी . बैठक में सभी थानाध्यक्षों सहित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया गया. विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए पैनी नजर रखने को कहा गया. बैठक में शराबबंदी कानून के तहत शराब बेचने व पीने वालों पर कठोर कार्रवाई करने के साथ-साथ इसके लिए संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. लंबित कांडों का निष्पादन अतिशीघ्र करने के लिए सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया. वहीं वारंट की तामिला के लिए तत्परतापूर्वक कार्य करने को कहा गया.
अपराधी और संदिग्ध व्यक्तियों की धर-पकड़ के लिए निरंतर वाहन चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया गया . वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से गहन रूप से पूछताछ करने व उनकी गतिविधियों का पता लगाने का निर्देश दिया गया. जिले क्षेत्र के पेट्रोल पंप, बैंक, एटीएम की निगरानी सतर्ककतापूर्वक करने को कहा गया. बैठक में पुलिस उपाधीक्षक शैलेंद्र कुमार, पुलिस निरीक्षक मनोज कुमार सिंह, आर डी मांझी, संतोष कुमार के अलावा सभी थानाध्यक्ष शामिल थे.
