खेत में टूटे हाईटेंशन तार की चपेट में आने से महिला की मौत, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

Arrah News : भोजपुर के जगदीशपुर में हाईटेंशन बिजली के टूटे तार की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया.

Arrah News : भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के दीघा टोला (वार्ड संख्या 6) में मंगलवार की शाम हाईटेंशन बिजली के टूटे तार की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई. परिजनों और ग्रामीणों ने घटना के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया. हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने कुछ देर के लिए सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया.

मवेशियों के लिए घास काटने गई थीं महिला

मृतका की पहचान दीघा टोला निवासी जनार्दन सिंह की 50 वर्षीय पत्नी शिवकुमारी देवी के रूप में हुई है. परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, शिवकुमारी देवी मंगलवार की शाम मवेशियों के लिए घास काटने खेत की ओर गई थीं. बताया गया कि खेत जाने वाले रास्ते में बिजली का एक पोल और उससे जुड़ा हाईटेंशन तार पिछले एक-दो दिनों से टूटकर जमीन पर गिरा हुआ था. तार में लगातार करंट प्रवाहित हो रहा था. घास काटने के दौरान महिला अनजाने में उसी तार की चपेट में आ गई. करंट का झटका इतना तेज था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

घटना के विरोध में ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने कुछ समय के लिए सड़क जाम कर दिया. सड़क जाम की सूचना मिलते ही जगदीशपुर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया और स्थिति को सामान्य किया.

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

जाम हटने के बाद पुलिस ने महिला के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया. घटना के बाद मृतका के घर में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, ग्रामीणों ने बिजली विभाग से टूटे तारों की समय पर मरम्मत और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

Also Read : गया जी : 28 वर्षीय युवक दोस्तों संग नेपाल घूमने गया, पोखरा के प्रसिद्ध फेवा झील में तैरने के दौरान डूबकर मौत



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Md. Wasim

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >