Arrah News : जनतंत्र आवाज पार्टी के चौथे स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को कार्यकर्ताओं का सम्मान समारोह हर प्रसाद दास जैन धर्मशाला में आयोजित किया गया, जिसमें बिहार के बहुत से जिलों से आए पार्टी के प्रतिनिधियों ने भाग लिया. कार्यक्रम की शुरुआत देश के तमाम शहीदों को याद करते हुए की गई और सभी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन एवं अंगवस्त्र देकर उन्हें सम्मानित किया गया. विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश से पधारे अरविंद शर्मा मौजूद थे. इस अवसर पर उन्होंने विश्वकर्मा जातियों को राजनीति में भागीदारी के लिए तन-मन-धन से आगे आने का आह्वान किया.
अधिकारों के लिए बड़े आंदोलन की चेतावनी
मंच से राष्ट्रीय अध्यक्ष राज किशोर शर्मा ने कहा कि बगैर राजनीतिक शक्ति के हम अपने किसी भी अधिकार की रक्षा नहीं कर सकते हैं और न ही अपने समाज के हित में रोजी-रोजगार के संबंध में बात तक कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक युग में विश्वकर्मा बंधुओं का रोजगार पूंजीपतियों के हाथों में चला गया है और इसके लिए चरणबद्ध आंदोलन करना पड़ेगा.
लोहार जाति से होने के नाते उन्होंने कहा कि लोकसभा के शीतकालीन सत्र के समय करो या मरो का बड़ा रेल आंदोलन होगा. वहीं पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कुंदन शर्मा ने कहा कि जनतंत्र आवाज पार्टी लोहार समाज को आदिवासी का दर्जा दिलवाने के लिए जान की आहुति देने का काम करेगी.
एकजुटता और राजनीतिक पकड़ पर जोर
समारोह को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राम नारायण शर्मा ने भी संबोधित किया. अन्य वक्ताओं ने सत्ता से दूर रहने वाली छोटी-छोटी जातियों को मिलाकर राजनीति में मजबूत पकड़ बनाने पर जोर दिया और कहा कि हमारा विश्वकर्मा समाज वोट के मामले में अपनी पार्टी और अपने नेताओं के प्रति वफादार बने.
कड़े आंदोलन का निर्णय और उपस्थिति
अंत में राष्ट्रीय अध्यक्ष राज किशोर शर्मा के नेतृत्व में भरोसा जताते हुए आगे कड़ा आंदोलन करने का निर्णय लिया गया. मंच संचालन संजीव केशरी तथा धन्यवाद ज्ञापन धर्मेंद्र दास ने किया. इस अवसर पर वैशाली लोकसभा प्रत्याशी बिनोद शर्मा, कैमूर जिला अध्यक्ष अमर शर्मा, अमरजीत शर्मा, अनिल शर्मा, रजनीश शर्मा, राज कुमार शर्मा, रामेश्वर शर्मा, राधेश्याम शर्मा, गणेश शर्मा, मसूदन शर्मा, अमर विश्वकर्मा, अशोक गुप्ता, रमेश शर्मा, लाल बाबू गुप्ता, नगेदर शर्मा, उमेश शर्मा एवं रघुनाथ शर्मा आदि उपस्थित थे.
Also Read : आरा में मानसून मेहरबान: मूसलाधार बारिश से सड़क बना तालाब, नगर निगम के दावों की खुली पोल
