वीर कुंवर सिंह के सैनिकों के वंशजों ने सरकार से मांगा हक, बोले- पूर्वजों के योगदान के अनुरूप मिले सम्मान और पेंशन

वीर कुंवर सिंह के वफादार सैनिकों के वंशजों ने सम्मान और पेंशन के लिए आवाज उठाई है. सरकार से गुहार लगाई है कि पूर्वजों के बलिदान को देखते हुए उन्हें उचित सुविधाएं दी जाएं. इस संबंध में प्रधानमंत्री कार्यालय तक पत्र भेजा गया है.

आरा. जगदीशपुर के ऐतिहासिक वीर कुंवर सिंह किला परिसर स्थित पीपल पेड़ के समीप मंगलवार को वीर कुंवर सिंह के वफादार सैनिकों के वंशजों ने विभिन्न मांगों को लेकर बैठक आयोजित की. बैठक की अध्यक्षता योगेंद्र यादव ने की, जबकि संचालन अख्तर खान ने किया.

सैनिकों के वंशजों को सम्मान और पेंशन देने की मांग

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि जिस तरह स्वतंत्रता सेनानियों और देशहित में योगदान देने वाले अन्य लोगों को सरकार की ओर से सम्मान, पेंशन और अन्य सुविधाएं प्रदान की जाती हैं, उसी प्रकार वीर कुंवर सिंह के वफादार सैनिकों के वंशजों को भी उचित सम्मान और पेंशन का अधिकार मिलना चाहिए.

वक्ताओं ने कहा कि 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान वीर कुंवर सिंह के साथ कंधे से कंधा मिलाकर उनके वफादार सैनिकों ने अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी. इस संघर्ष में कई सैनिक शहीद भी हुए थे. ऐसे वीर सैनिकों के वंशज आज भी अपने पूर्वजों के योगदान के अनुरूप सम्मान की अपेक्षा रखते हैं.

प्रधानमंत्री कार्यालय तक भेजा गया पत्र

वीर कुंवर सिंह वफादार सैनिक वंशजों के उपाध्यक्ष अख्तर खान ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर संगठन की ओर से लगातार पत्राचार किया जा रहा है. इस संबंध में पूर्व अनुमंडल पदाधिकारी, गृह मंत्री और प्रधानमंत्री कार्यालय तक पत्र भेजा गया है. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री कार्यालय से फोन के माध्यम से यह जानकारी भी दी गयी कि संगठन की ओर से भेजा गया पत्र वहां प्राप्त हुआ है.

पूर्वजों के योगदान को सम्मान देने की मांग

बैठक में वीर कुंवर सिंह के वफादार सैनिकों के कई वंशज उपस्थित रहे. उन्होंने सरकार से अपने पूर्वजों के योगदान को सम्मान देने तथा उनकी मांगों पर उचित पहल करने की मांग की.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विजय मिश्रा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >