भोजपुर: सांप डंसे भांजे को देखने जा रहे मामा की सड़क हादसे में मौत, आरा-मोहनिया NH पर अज्ञात वाहन ने बाइक में मारी टक्कर

आरा-मोहनिया हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत. भांजे का हाल जानने जा रहे मंजी यादव ने अस्पताल में तोड़ा दम, परिवार में मचा कोहराम.

Bhojpur News: आरा-मोहनिया नेशनल हाईवे पर भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बभनियांव गांव के समीप बुधवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौत हो गई. तेज रफ्तार अज्ञात वाहन द्वारा बाइक में जोरदार टक्कर मारने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसने सदर अस्पताल, आरा के इमरजेंसी वार्ड में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. मृतक की पहचान जगदीशपुर नगर के वार्ड नंबर 13 निवासी मुतन यादव उर्फ विक्रमा यादव के 26 वर्षीय पुत्र मंजी यादव के रूप में हुई है.

सांप डंसे भांजे को देखने बहन की ससुराल जा रहा था युवक

मृतक के पिता मुतन यादव उर्फ विक्रमा यादव ने बताया कि मंजी की बहन रचना कुमारी के बेटे को गांव में किसी विषैले सांप ने डंस लिया था, जिससे बच्चे की हालत काफी नाजुक हो गई थी. बीमार भांजे का हालचाल जानने और उसे देखने के लिए मंजी अपनी बाइक से बहन की ससुराल जा रहा था. बभनियांव गांव के पास तीखे मोड़ पर एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गया.

डायल 112 ने पहुंचाया अस्पताल, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

दुर्घटना के बाद राहगीरों की सूचना पर डायल 112 की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिसकर्मियों ने गंभीर रूप से घायल मंजी यादव को उठाकर इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया.

सूचना मिलते ही बदहवास परिजन सदर अस्पताल पहुंचे. पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया.

परिवार का इकलौता चिराग था मंजी, घर में मचा कोहराम

मंजी यादव अपने एक भाई और एक बहन में सबसे बड़ा था और अपने माता-पिता का इकलौता कमाऊ चिराग था. मृतक अपने पीछे मां मीरा देवी, पत्नी तथा एक मासूम पुत्र एवं एक पुत्री को छोड़ गया है. घर के मुखिया और इकलौते सहारे की असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मां मीरा देवी और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है. पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान के लिए हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाने में लगी है.

Also Read: रेलवे को लाखों का राजस्व, फिर भी यात्री बेहाल; कोईलवर स्टेशन पर बारिश में भींगकर ट्रेन पकड़ने की मजबूरी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मोहम्मद वसीम

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >