Arrah News : भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र में तीन दिन पूर्व होटल कारोबारियों के साथ हुई फायरिंग और लूटपाट का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस पूरे कांड में सीधे तौर पर संलिप्त दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए अपराधियों के पास से एक देशी रायफल, एक जिंदा कारतूस, लूटी गई रकम में से 25 सौ रुपये नकद, पीड़ित का आधार कार्ड और मोबाइल चार्जर बरामद हुआ है.
सदर एसडीपीओ-टू रंजीत कुमार सिंह ने दी जानकारी
इस महत्वपूर्ण सफलता की जानकारी रविवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में सदर एसडीपीओ-टू रंजीत कुमार सिंह ने दी. उन्होंने बताया कि बीते 16 जुलाई की रात होटल कारोबारी अरविंद कुमार, अभिषेक कुमार और बबलू कुमार पर छह नकाबपोश अपराधियों ने अचानक फायरिंग करते हुए करीब 40 हजार रुपये नकद, सोने की चेन तथा अन्य कई कीमती सामान लूट लिया था. घटना के तुरंत बाद कोईलवर थाना में संबंधित कांड दर्ज कर अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था.
दो बदमाश हथियार और नकदी के साथ गिरफ्तार
गठित विशेष टीम ने सबसे पहले कार्रवाई करते हुए कोईलवर वार्ड संख्या दो निवासी नरेश प्रसाद के पुत्र मुन्ना कुमार राय को गिरफ्तार किया. तलाशी के दौरान उसके घर से एक देशी रायफल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया. तत्पश्चात, टीम ने कोईलवर नगर पंचायत वार्ड नंबर- 8 बनपर टोली निवासी उमेश साहनी के पुत्र अभिषेक कुमार उर्फ मोदी को धर दबोचा. उसके पास से लूटी गई रकम में से 2,500 रुपये, पीड़ित का आधार कार्ड और एक मोबाइल चार्जर बरामद हुआ.
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
एसडीपीओ श्री सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने इस वारदात में अपनी संलिप्तता पूरी तरह स्वीकार की है. उन्होंने पुलिस के समक्ष खुलासा किया कि घटना में दो अन्य आरोपी रेकी कर रहे थे, जबकि बाकी अपराधियों ने मिलकर लूट और फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था.
पुलिस इस कांड में शामिल सभी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
एसडीपीओ ने बताया कि कांड के सफल उद्भेदन में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए इस घटना का खुलासा किया है. उन्होंने साफ कहा कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस की यह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और क्षेत्र में बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस पूरी तरह सतर्क है.
Also Read : शेखपुरा : पैक्स और व्यापार मंडलों को 26 जुलाई तक चावल जमा करने का निर्देश, 1483 MT आपूर्ति अब भी बाकी
