आरा-मोहनिया हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने वार्ड सदस्य को रौंदा, हुई मौत, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

Arrah Mohania Highway Accident : आरा-मोहनिया नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे में वार्ड सदस्य की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया.

Arrah Mohania Highway Accident : आरा-मोहनिया नेशनल हाईवे पर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के कौंरा मठिया गांव के समीप सोमवार की सुबह बेलगाम ट्रक ने बाइक सवार वार्ड सदस्य को रौंद दिया. इस हादसे में उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई. वहीं, घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया.

मृतक वार्ड सदस्य की हुई पहचान

इस घटना को लेकर आसपास के इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही. जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान उदवंतनगर थाना क्षेत्र के गजराजगंज ओपी अंतर्गत मसाढ़ टोला गांव निवासी शिवजी यादव के 50 वर्षीय पुत्र सह वार्ड सदस्य लालबाबू यादव के रूप में हुई है. वे वर्तमान में मसाढ़ पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर 13 के वार्ड सदस्य थे.

आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा, जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर आरा-मोहनिया नेशनल हाईवे पर कौंरा मठिया गांव के समीप शव को सड़क के बीचों-बीच रखकर जाम कर दिया. उनके द्वारा करीब दो घंटे तक सड़क को जाम रखा गया.

आरा की सभी ख़बरें यहां पढ़ें

जाम और पुलिस की समझौता कोशिश

जाम के दौरान ग्रामीणों द्वारा प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई. इसे लेकर सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लगी रही एवं आवागमन पूरी तरह ठप्प रहा. घटना की सूचना पाकर जगदीशपुर थानाध्यक्ष सुशांत कुमार मंडल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाने-बुझाने लगे.

पुलिस ने शव का कराया पोस्टमार्टम

पुलिस के काफी मशक्कत करने के बाद लोगों को समझा-बुझाकर जाम को हटाया गया, तब जाकर वाहनों का परिचालन शुरू हो सका. इसके पश्चात पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया. वहीं, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त उक्त ट्रक को भी जब्त कर लिया है. इस दर्दनाक घटना के बाद से मृतक के घर में कोहराम मच गया है और उनके परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.

Also Read: आरा में ट्रांसफार्मर के पास कूड़ा फेंकने से आग और शॉर्ट सर्किट का बढ़ा खतरा, बिजली विभाग ने दी चेतावनी




प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >