आरा की बदलेगी तस्वीर, तीन बड़े नाला निर्माण कार्य अंतिम चरण में, जलजमाव से मिलेगी राहत

आरा में जल जमाव की समस्या को हमेशा के लिए दूर करने के लिए एक बड़ी ड्रेनेज परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है. 80% से अधिक काम पूरा हो चुका है और बचे हुए हिस्से को भी जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा, जिससे शहरवासियों को बड़ी राहत मिलेगी.

Arrah News : भोजपुर डीएम तनय सुल्तानिया के निर्देशानुसार नगर क्षेत्र में जल जमाव की समस्या के स्थायी समाधान हेतु तीन एलाइनमेंट के अंतर्गत व्यापक ड्रेनेज परियोजना का कार्य बिहार अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (बुडको) द्वारा कराया जा रहा है.

परियोजना के अंतर्गत तीन एलाइनमेंट ए (A), बी (B) एवं सी (C) पर कार्य पूरी तरह प्रगति पर है. एलाइनमेंट-ए के तहत आरा जीरो माइल से धोबीघाट, हनुमान मंदिर एवं स्टेशन रोड होते हुए बहिरो लाल तक लगभग 6.171 किलोमीटर लंबाई में कार्य कराया जा रहा है.

गांगी नदी में सुनिश्चित की जाएगी जल की निकासी

एलाइनमेंट-बी के अंतर्गत रेलवे माल गोदाम (पंचमुखी हनुमान मंदिर) से नवादा थाना, नवादा चौक, महावीर टोला, शहीद चौक, सुभाष चौक एवं टाउन थाना चौक होते हुए नाला मोड़ तक लगभग 7.264 किलोमीटर लंबाई में ड्रेनेज निर्माण कार्य किया जा रहा है, जहां से जल निकासी गांगी नदी में सुनिश्चित की जाएगी.

वहीं एलाइनमेंट-सी के तहत न्यू पुलिस लाइन (आरटीओ कार्यालय) से चांदवा मोड़, गायत्री मंदिर एवं पुलिस लाइन क्षेत्र होते हुए नाला मोड़ तक लगभग 3,476.5 मीटर लंबाई में कार्य कराया जा रहा है. इस अति महत्वपूर्ण परियोजना का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है तथा शेष बचा लगभग 20 प्रतिशत कार्य इस माह के अंत तक पूरी तरह पूर्ण कर लिया जाएगा.

बारिश में दिखने लगा है ड्रेनेज परियोजना का सकारात्मक प्रभाव

यह परियोजना नगर की जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ कर जल जमाव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में एक बेहद महत्वपूर्ण पहल है. परियोजना का सकारात्मक प्रभाव अभी से ही शहर में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है. इस वर्ष हुई वर्षा के दौरान कई जलजमाव वाले स्थानों पर जल निकासी की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार देखा गया है तथा जल जमाव की समस्या में भारी कमी आई है, जिससे स्थानीय नागरिकों को काफी राहत मिली है.

जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिया है कि कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति की लगातार समीक्षा की जाए तथा निर्धारित समयावधि के भीतर कार्य को पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए. प्रशासन द्वारा पूरी परियोजना की सतत निगरानी की जा रही है ताकि यह महत्वपूर्ण परियोजना समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण हो तथा नगरवासियों को जल जमाव से स्थायी राहत प्राप्त हो सके.

Also Read : शेखपुरा रहा बिहार का सबसे गर्म जिला, 37.7°C तापमान के बाद बारिश से मिली राहत


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >