Arrah News : भोजपुर जिले में जहरीले सांप के डसने की तीन अलग-अलग घटनाओं में बुजुर्ग महिला समेत तीन लोगों की हालत बिगड़ गई. सभी घटनाएं चरपोखरी, संदेश और कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र में हुई हैं. सांप के काटने के बाद परिजनों ने आनन-फानन में सभी पीड़ितों को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है.
पहली घटना चरपोखरी थाना क्षेत्र के लीलारी गांव की है. यहां गुरुवार की मध्य रात्रि घर में सो रही एक बुजुर्ग महिला को जहरीले सांप ने डस लिया. सांप के काटने के बाद महिला की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई. आनन-फानन में परिजन उन्हें लेकर आरा सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उनका इलाज कराया जा रहा है.
जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला चरपोखरी थाना क्षेत्र के लीलारी गांव निवासी सूर्यकांत ओझा की 60 वर्षीय पत्नी लीलावती देवी हैं. परिजनों ने बताया कि गुरुवार की रात खाना खाने के बाद लीलावती देवी अपने कमरे में सोने चली गई थीं. इसी दौरान देर रात जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया. सांप के काटने के बाद उनकी हालत धीरे-धीरे बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजनों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया.
खेत में काम करने के दौरान अधेड़ को सांप ने डसा
वहीं दूसरी घटना संदेश थाना क्षेत्र के भीमपुरा गांव की है. यहां शुक्रवार की सुबह खेत में रोपनी करने के दौरान एक अधेड़ व्यक्ति को जहरीले सांप ने डस लिया. सांप के काटने के बाद उनकी हालत बिगड़ गई, जिसके बाद परिवार के लोग उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे.
पीड़ित अधेड़ की पहचान संदेश थाना क्षेत्र के भीमपुरा गांव निवासी जगरनाथ राम के 45 वर्षीय पुत्र सुभाष राम के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि शुक्रवार की सुबह सुभाष राम खेत में रोपनी का काम कर रहे थे. इसी दौरान खेत में मौजूद जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया. कुछ देर बाद उनकी तबीयत खराब होने लगी, जिसके बाद परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे.
कृष्णागढ़ में युवक को सांप ने बनाया शिकार
तीसरी घटना कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र के सरैया गांव की है. यहां शुक्रवार की सुबह खेत में काम करने के दौरान एक युवक को जहरीले सांप ने डस लिया. घटना के बाद युवक की हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजनों ने उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल पहुंचाया.
जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र के सरैया गांव निवासी हेम नारायण यादव का 22 वर्षीय पुत्र अनिल कुमार है. परिजनों ने बताया कि शुक्रवार की सुबह अनिल कुमार खेत में काम कर रहा था. इसी दौरान अचानक जहरीले सांप ने उसे डस लिया. सांप के काटने के बाद उसकी हालत खराब होने लगी, जिसके बाद परिवार के लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया.
फिलहाल तीनों पीड़ितों का इलाज आरा सदर अस्पताल में चल रहा है. डॉक्टरों की निगरानी में सभी की स्थिति पर नजर रखी जा रही है. जिले के ग्रामीण इलाकों में बारिश के मौसम में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, ऐसे में लोगों से सावधानी बरतने की अपील की जाती है. प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी लोगों को समय पर इलाज कराने की सलाह दी जाती है, ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके.
