बिहिया-बिहटा स्टेट हाईवे पर जिले के पीरो थाना क्षेत्र अंतर्गत धोबी घटवा के समीप रविवार की सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ. दो बाइकों की सीधी भिड़ंत में चाचा-भतीजे समेत तीन लोगों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
हादसे के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची.
मृतकों में बिहिया थाना क्षेत्र के धरहरा दलित टोला निवासी बादल मुसहर का 20 वर्षीय पुत्र गोलू मुसहर एवं उसी गांव के निवासी गामा मुसहर का 21 वर्षीय पुत्र शक्ति मुसहर शामिल हैं. ये दोनों रिश्ते में चाचा-भतीजा लगते थे.
वहीं, दूसरी बाइक पर सवार व्यक्ति की पहचान जगदीशपुर थाना क्षेत्र के तेंदूनी गांव निवासी स्व. ललन सिंह के 35 वर्षीय पुत्र प्रदीप कुमार के रूप में हुई है, जो पेशे से एल्युमिनियम मिस्त्री थे.
काम के सिलसिले में जा रहे थे सभी, रास्ते में हुआ हादसा
पश्चिमी आयर पंचायत के मुखिया उमेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रदीप कुमार रविवार की सुबह बाइक से पीरो स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर खिड़की और दरवाजे की नाप लेने जा रहे थे.
वहीं दूसरी बाइक पर सवार गोलू कुमार और शक्ति मुसहर काराकाट से वापस अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान धोबी घटवा के समीप दोनों बाइकों में आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, गांवों में पसरा मातम
मृतक प्रदीप कुमार अपने दो भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटे थे. उनके परिवार में मां गंगा देवी, पत्नी प्रियंका कुमारी तथा दो पुत्रियां परी कुमारी एवं विशाखा कुमारी हैं.
मृतक गोलू मुसहर अपने चार भाइयों और दो बहनों में दूसरे स्थान पर था. उसकी शादी हो चुकी थी, लेकिन कोई संतान नहीं थी. उसके परिवार में मां बंगाली देवी, पत्नी बेबी देवी, तीन भाई और दो बहनें हैं.
वहीं मृतक शक्ति मुसहर अपने पांच भाइयों और तीन बहनों में छठे स्थान पर था. उसकी भी शादी हो चुकी थी और संतान नहीं थी. उसके परिवार में मां चनामुनी देवी, पत्नी गुड़िया देवी, चार भाई और तीन बहनें हैं.
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के घरों में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
