चांदी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चांदी चौक से जब्त की कार
कोईलवर.
चांदी थाना क्षेत्र के चांदी चौक से पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अंग्रेजी शराब की एक खेप को धर दबोचा है. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक बोलेरो वाहन से कुल 198 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए वाहन चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है. इस बाबत थानाध्यक्ष राकेश कुमार रौशन ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि सकड्डी-नासरीगंज स्टेट हाइवे पर संदेश की ओर से एक बोलेरो वाहन में तस्करों द्वारा अंग्रेजी शराब की खेप लेकर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है. सूचना की पुष्टि कर पुलिस टीम ने चांदी चौक के पास जाल बिछा वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया. इसी क्रम में संदेश की ओर से आ रही एक बोलेरो को रोककर तलाशी ली गयी. तलाशी के क्रम में वाहन के अंदर गुप्त रूप से बनाए गए तहखाने से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद किया गया. बरामद शराब ऑफिसर च्वाइस की ऑरिजिनल व्हिस्की की 180 एमएल की फ्रुटिनुमा टेट्रा थी, जिसपर सेल इन उत्तर प्रदेश लिखा हुआ था. पुलिस ने वाहन से कुल 1100 पीस टेट्रा पैक अंग्रेजी शराब बरामद की है. इसके साथ ही बोलेरो वाहन को भी जब्त कर लिया गया है. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वाहन चालक अभिनंदन कुमार को गिरफ्तार किया है, जो वैशाली जिले के रुस्तमपुर थाना क्षेत्र के लिटियाही गांव का निवासी बताया गया है. उसके पास से एक स्मार्ट मोबाइल और एक कीपैड मोबाइल भी बरामद किया गया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद (संशोधन) अधिनियम 2022 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.