पीरो.
स्थानीय थाने की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर थाना क्षेत्र के तिलाठ गांव से भारी मात्रा में अलग अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब और बियर बरामद की है. इस मामले में पीरो थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है.हालांकि शराब का धंधेबाज फरार बताया जाता है. इसकी जानकारी देते हुए पीरो थानाध्यक्ष दीपक कुमार साह ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद गुरुवार की रात्रि एएसआइ धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने तिलाठ गांव निवासी चंदन राय के गांव में अवस्थित दालान ने छापेमारी अभियान चलाया. छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने मौके से 8 पीएम विस्की 750 एमएल 9 बोतल, 8 पीएम विस्की 180 एमएल 54 बोतल, रॉयल स्टैग विस्की 375 एमएल 8 बोतल, वेव वन रम 180 एमएल 88 बोतल तथा अलग- अलग ब्रांड का करीब 15 लीटर बियर बरामद की. भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बियर बरामद होने के बाद पुलिस टीम आरोपित चंदन राय को गिरफ्तार करने उसके घर पहुंची, लेकिन तब तक चंदन मौके से फरार हो चुका था. इस मामले में एएसआइ धर्मेंद्र कुमार के बयान पर पीरो थाने में शराब के धंधेबाज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. मामला दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है.
