बिहिया.
बिहिया-बिहटा स्टेट हाइवे 102 पर जगदीशपुर थाना क्षेत्र के मुंशी टोला गांव के समीप मंगलवार को सड़क पार करती नीलगाय से टकरा जाने से बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गये. घटना में जख्मी बक्सर जिला के चौगाईं थाना क्षेत्र के चौगाईं गांव निवासी शंकर यादव के पुत्र धर्मेंद्र यादव एवं स्व. सीताराम यादव के पुत्र सुरेंद्र यादव को स्थानीय लोगों द्वारा बिहिया स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल आरा रेफर कर दिया गया है. दोनों ही घायलों को सिर में गंभीर चोटें आयी हैं. बताया जाता है कि उक्त दोनों बाइक सवार स्टेट हाइवे पर जा रहे थे. इसी दौरान अचानक से सड़क पर आयी नीलगाय से बाइक टकरा गयी, जिससे दोनों ही सड़क पर गिरकर जख्मी हो गये. घटना के बाद एक ई-रिक्शा चालक द्वारा दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया. मालूम हो कि स्टेट हाइवे पर बिहिया से जगदीशपुर के बीच नीलगाय से वाहनों के टकराने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं. पिछले गुरुवार को भी नीलगाय से टकरा जाने के कारण करनामेपुर थाना क्षेत्र के धर्मागतपुर गांव निवासी मिथिलेश कुमार पांडेय एवं विशुनपुर गांव निवासी हरेंद्र तिवारी गंभीर रूप से जख्मी हो गये थे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
