Arrah News : कोईलवर प्रखंड के गोपालपुर, सकड्डी, कायमनगर पंचायत तथा नगर पंचायत कोईलवर के कटकैरा वार्ड संख्या-1 और वार्ड संख्या-8 में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी. विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और जनसमस्याओं के समाधान के लिए पहुंचे लोगों ने अलग-अलग विभागों में कुल 520 आवेदन जमा किए. प्रशासन ने सभी आवेदनों के समयबद्ध निष्पादन का भरोसा दिया.
राजस्व, पेंशन और नल-जल योजना से जुड़े आवेदन मिले
गोपालपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में आयोजित शिविर में सुबह से ही लोगों की भीड़ रही. यहां दाखिल-खारिज, श्रम कार्ड निर्माण, शॉक पिट निर्माण, बंद पेंशन चालू कराने, नई पेंशन स्वीकृति, नल-जल योजना के कर्मियों के भुगतान, राजकीय नलकूप चालू कराने, नाली निर्माण और गली ढलाई समेत विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए.
42 विभागों के काउंटर पर मिली योजनाओं की जानकारी
शिविर में करीब 42 विभागों के काउंटर लगाए गए थे. संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मियों ने लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन स्वीकार किए. कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन भी किया गया.
प्रखंड विकास पदाधिकारी बीर बहादुर पाठक ने बताया कि गोपालपुर शिविर में 275, सकड्डी में 111 और कायमनगर में 144 आवेदन प्राप्त हुए. उन्होंने कहा कि सभी आवेदनों का विभागवार समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा. सहयोग शिविर का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है, ताकि लोगों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें.
प्रचार-प्रसार बढ़ाने की उठी मांग
जदयू नेत्री एवं नागरिक परिषद की सदस्या मनोजा देवी ने कहा कि इस तरह के शिविर आम लोगों के लिए काफी उपयोगी हैं. हालांकि उन्होंने गोपालपुर शिविर का पर्याप्त प्रचार-प्रसार नहीं होने पर चिंता जताते हुए कहा कि कई जरूरतमंद लोगों को इसकी जानकारी नहीं मिल सकी.
शिविर का निरीक्षण बीडीओ बीर बहादुर पाठक, प्रखंड कृषि पदाधिकारी राजेश कुमार, बीपीआरओ कुणाल राज, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी आकाश कुमार तथा श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सुगीता कुमारी ने किया. अपर समाहर्ता मीनू कुमारी और राजस्व पदाधिकारी राजभूषण सिंह ने भी लोगों की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए. राजस्व पदाधिकारी ने कहा कि दाखिल-खारिज और भूमि विवाद से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें: गया के पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी, डॉग स्क्वाॅयड और पुलिस टीम ने की जांच
