Sahar Hospital Stretcher Issue : भोजपुर जिले के सहार थाना क्षेत्र के नासरीगंज सकड़ी स्टेट हाईवे पर खैरा में सड़क दुर्घटना में एक युवक बुरी तरह से जख्मी हो गया, जिसे स्थानीय पुलिस के द्वारा इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहार लाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए आरा रेफर किया गया.
घर से शौच जाने के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार सहार थाना क्षेत्र के अवगीला निवासी कमालु नट के 20 वर्षीय पुत्र सितारा घर से शौच करने के कह कर मोटरसाइकिल से खैरा की तरफ गया था, जहां मोटरसाइकिल की टक्कर के कारण वह बुरी तरह से जख्मी हो गया और घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची.
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्थिति और आरा रेफर
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस के द्वारा घायल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहार लाया गया, जहां स्थिति ज्यादा नाजुक होने के कारण प्राथमिक इलाज के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
स्वास्थ्य केंद्र में चतुर्थ वर्गीय कर्मी की अनुपस्थिति
वहीं दूसरी ओर बता दें कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहार के इमरजेंसी वार्ड में चतुर्थ वर्गीय कर्मी के नहीं रहने के कारण मरीजों को गाड़ी से बेड पर ले जाने के लिए थाना के सिपाही के साथ-साथ दरोगा रैंक के अधिकारी को भी स्ट्रेचर खींचना पड़ता है जिससे कि मरीज को समय पर इलाज मिल सके, लेकिन स्वास्थ्य विभाग के द्वारा इस दिशा में कोई पहल नहीं की जाती है.
Also Read : गया जी : शादी का झांसा देकर वर्षों तक बनाता रहा संबंध, अब शादी से इनकार का आरोप; युवक गिरफ्तार
दरोगा द्वारा स्ट्रेचर लाकर मरीज को बेड तक पहुंचाना
मंगलवार को भी यह नजारा देखा गया कि जख्मी युवक को सहार थाना के एसआई सुधांशु कुमार पुलिस गाड़ी में इलाज के लिए लगभग दस बजे दिन में लेकर आए, जहां जख्मी युवक को पुलिस गाड़ी से उतारने वाला कोई नहीं मिला जिसके बाद एसआई सुधांशु कुमार ने खुद स्ट्रेचर लाकर जख्मी युवक को पुलिस के सहयोग से बेड तक पहुंचाया.
