समर्थ पोर्टल से खुद वेतन विवरणी तैयार करेंगे महाविद्यालय

वेतन विवरणी तैयार करने को लेकर विवि समर्थ टीम द्वारा दिया जा रहा है प्रशिक्षणवेतन प्रक्रिया के बाद अगले चरण में अवकाश संबंधी आवेदनों का समर्थ से होगा निस्तारण

आरा.

वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय प्रशासन अपनी कार्यप्रणाली के पूर्ण डिजिटलीकरण की दिशा में निरंतर प्रगति कर रहा है. समर्थ पोर्टल को प्रभावी रूप से लागू करने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय द्वारा वर्तमान में वेतन प्रबंधन और अवकाश मॉड्यूल पर विशेष कार्य किया जा रहा है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार इस व्यवस्था के अंतर्गत विश्वविद्यालय मुख्यालय सहित सभी 19 अंगीभूत महाविद्यालयों के नियमित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का विवरण पोर्टल के एम्प्लॉइ मॉड्यूल पर दर्ज किया जा चुका है. इधर इसी क्रम में विश्वविद्यालय प्रशासन ने फरवरी माह का वेतन समर्थ पोर्टल के माध्यम से ही सृजित करने का निर्णय लिया है. इस तकनीकी प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए विश्वविद्यालय की तकनीकी टीम के सदस्य दिवाकर कुमार, मो. शाकिर फारूकी और आनंद प्रकाश द्वारा निरंतर कार्य कर रहे हैं. इनके द्वारा विगत माह के वेतन विवरणी के आधार पर सभी मदों को पोर्टल पर अपलोड कर वेतन सृजन की कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है. इस संबंध में विश्वविद्यालय समर्थ नोडल डॉ विजयराज कुमावत ने बताया कि इस प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर सभी महाविद्यालयों के नामित नोडल अधिकारियों एवं तकनीकी सहायकों को विश्वविद्यालय समर्थ टीम के कर्मियों द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. प्रशिक्षण के माध्यम से महाविद्यालयों को स्वयं वेतन विवरणी तैयार करने हेतु सक्षम बनाया जा रहा है, जिसमें अब तक 9 महाविद्यालय को खुद से सैलरी बनाने का प्रशिक्षण सफलता पूर्वक दिया जा चुका है. वहीं महाविद्यालय स्तर से प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात विश्वविद्यालय के वित्तीय पदाधिकारी और लेखा अनुभाग द्वारा पोर्टल के माध्यम से ही डेटा का सत्यापन एवं अनुमोदन किया जायेगा. वेतन प्रबंधन के उपरांत आगामी चरण में अवकाश संबंधी आवेदनों के निस्तारण हेतु भी संबंधित कर्मियों को प्रशिक्षित किया जायेगा. उन्होंने बताया कि इस नई कार्यसंस्कृति से विश्वविद्यालय के प्रशासनिक कार्यों में अधिक पारदर्शिता और दक्षता आने की संभावना है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Devendra dubey

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >