डिवाइडर पार कर रही बाइक से टकरायीं दो बाइकें, एक की मौत

सकड्डी पेट्रोल पंप के समीप हुई घटना, तीन बाइकों पर सवार पांच लोगों में चार को आयी चोट, एक ने तोड़ा दम

कोईलवर.

थाना क्षेत्र के सकड्डी पेट्रोल पंप के समीप डिवाइडर पार कर रहे एक बाइक के चक्कर में तीन बाइकों की भिड़ंत हो गयी. इस घटना में एक बाइक पर सवार एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. जबकि दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया. मृतक की पहचान गीधा थाना क्षेत्र के गीधा निवासी चंद्रभोष पासवान के 22 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार के रूप में की गयी है. जबकि जख्मी उसी का चचेरा भाई बुचुल पासवान का पुत्र परदेसी पासवान है. घटना शुक्रवार की शाम साढ़े चार बजे के बाद की है. इधर घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को सीएचसी कोईलवर लाया, जहां डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया. जबकि दूसरे का इलाज किया गया. घटना के बाद गुस्साये लोगों ने शव के साथ पटना-बक्सर फोरलेन को घटनास्थल के समीप जाम कर दिया. काफी समझाने बुझाने के बाद लोगों ने ढाई घंटे बाद जाम हटाया. इसके बाद शव को पुलिस द्वारा कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा ले जाया गया.

सकड्डी से बिरयानी खाकर लौट रहे थे बाइक सवार :

जख्मी परदेसी पासवान ने बताया कि वह विशाल के साथ अपने घर गीधा से सकड्डी पल्सर बाइक पर सवार होकर बिरयानी खाने आया था. बिरयानी खाकर वह सकड्डी से गीधा लौट रहा था. इस दौरान बाइक परदेसी ही चला रहा था, तभी सकड्डी पेट्रोल पंप के सामने एक बाइक सवार डिवाइडर क्रॉस कर के अचानक आरा जाने वाली लेन से पटना जानेवाली लेन में आ गया, जिससे सकड्डी से गीधा की ओर जा रहे परदेसी और विशाल की बाइक की सीधी भिड़ंत हो गयी. इसके बाद दोनों बाइक गीधा की ओर से आ रही एक और बाइक से जा टकरायी. भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि तीनों बाइकों पर सवार पांच लोग हवा में उछले और गिरकर काफी दूर तक घसीटते चले गये. इस घटना में एक बाइक सवार विशाल और परदेसी जख्मी हो गये. आनन-फानन में दोनों को पिकअप पर लाद कर सीएचसी कोईलवर लाया गया, जहां विशाल को मृत घोषित कर दिया गया. जबकि जख्मी परदेसी का इलाज सीएचसी में ही कराया गया.

हादसे का वीडियो आया सामने :

इधर घटना के बाद हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें परदेसी और विशाल सकड्डी से गीधा की ओर जा रहे हैं, तभी एक बाइक सवार पेट्रोल पंप के समीप डिवाइडर पार करता है. इसी दौरान इनकी बाइक पहले डिवाइडर पार कर रही बाइक से टकराती है, फिर सामने से आ रही एक और बाइक से टकरा जाती है. इस दौरान तीन बाइकों पर सवार पांच लोग उछल कर सड़क पर जा गिरते हैं. बाद में दोनों बाइकों के सवार वहां से निकल जाते हैं. जबकि इन दोनों को जख्मी हालत में कोईलवर सीएचसी लाया जाता है.

हेलमेट होता तो शायद बच जाती जान :

इधर घटना के बाद अस्पताल में मृत घोषित किये जाने के बाद डॉक्टर ने बताया कि सड़क हादसे में मृत विशाल के सिर में काफी चोट आयी है. सिर पूरी तरह फट गया है और काफी रक्तस्राव भी हुआ है. वहीं, शरीर के अन्य किसी हिस्से में चोट नहीं आयी है. अगर हेलमेट होता तो शायद सिर को कोई नुकसान नहीं पहुंचता और संभव था कि जान बच जाती. संयोग देखिए की बाइक चलानेवाले परदेसी की जान बच गयी. जबकि पीछे बैठे विशाल को सिर में चोट लगने की वजह से जान गंवानी पड़ी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >