आरा में NEET परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, सात केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के साथ होगी एग्जाम, कंट्रोल रूम रहेगा सक्रिय

NEET UG Re Exam 2026 : आरा में 21 जून को आयोजित होने वाली नीट यूजी री-एग्जाम 2026 को निष्पक्ष और कदाचारमुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन ने दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक की. सात परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और प्रतिबंधित सामग्री पर पूरी तरह रोक रहेगी.

NEET UG Re Exam 2026 : (नरेन्द्र प्रसाद सिंह की रिपोर्ट) राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित NEET UG Re Exam 2026 के स्वच्छ, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. इसी क्रम में जिलाधिकारी सह जिला दंडाधिकारी तनय सुल्तानिया एवं पुलिस अधीक्षक राज ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों के साथ संयुक्त ब्रीफिंग बैठक की. बैठक में परीक्षा के दौरान सुरक्षा, निगरानी और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए.

सात केंद्रों पर 21 जून को आयोजित होगी परीक्षा

नीट यूजी पुनः परीक्षा 21 जून 2026 को जिला मुख्यालय स्थित सात परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे निर्धारित समय पर अपने-अपने केंद्रों पर पहुंचकर पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करें. परीक्षा केंद्रों पर प्रतिनियुक्त स्टैटिक दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी परीक्षार्थियों की गहन जांच सुनिश्चित करेंगे.

प्रतिबंधित सामग्री के साथ नहीं मिलेगा प्रवेश

परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी परीक्षार्थी को प्रतिबंधित सामग्री के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा. प्रतिबंधित वस्तुओं में पाठ्य सामग्री, कागज के टुकड़े, ज्योमेट्री बॉक्स, कैलकुलेटर, स्केल, राइटिंग पैड, पेन ड्राइव, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच, इयरफोन, टैबलेट, कैमरा, वॉलेट, हैंडबैग, आभूषण और अन्य संचार उपकरण शामिल हैं.

महिला परीक्षार्थियों की जांच महिला कर्मी करेंगी

प्रशासन ने निर्देश दिया है कि महिला परीक्षार्थियों की जांच केवल महिला पुलिसकर्मी, महिला वीक्षक अथवा महिला केंद्राधीक्षक द्वारा ही की जाएगी. इससे जांच प्रक्रिया को संवेदनशील और व्यवस्थित बनाया जा सके.

नियंत्रण कक्ष रहेगा सक्रिय

परीक्षा अवधि के दौरान समाहरणालय भवन स्थित जिला नियंत्रण कक्ष सक्रिय रहेगा. किसी भी आपात स्थिति या सूचना के लिए नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06182-248702 तथा फैक्स संख्या 06182-233474 निर्धारित किया गया है.

संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी विशेष नजर

विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी सदर, आरा को परीक्षा केंद्रों के आसपास आवश्यक कानूनी प्रावधान लागू करने और निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. वहीं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आरा-1 एवं अन्य अधिकारियों को संदिग्ध व्यक्तियों, शरारती तत्वों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों की सूची तैयार कर उनकी लगातार निगरानी करने को कहा गया है.

कदाचार पर होगी सख्त कार्रवाई

जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया और पुलिस अधीक्षक राज ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. कदाचार, नकल या किसी भी अवैध गतिविधि में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी. बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता राजस्व, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे.

इसे भी पढ़ें : बेगूसराय दुष्कर्म मामला: पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए सड़कों पर उतरे भाकपा माले कार्यकर्ता, मुख्यमंत्री का पुतला फूंका

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर पलायन कर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >